
नैनीताल 21 मार्च । उत्तर प्रदेश के उन्नाव से घूमने आए पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। जबकि दो लोग घायल हुए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के उन्नाव निवासी अंकित चैधरी अपने दोस्त अभिराज, अतुल दुबे और श्याम के साथ घूमने के लिए जागेश्वर जा रहे थे। नैनीताल के गेठिया क्षेत्र में इसकी कार अचानक नियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गयी। वाहन गिरने की तेज आवाज सुन स्थानीय निवासी कविता गंगोला ने पुलिस को इसकी सूचना दी.सूचना के बाद तल्लीताल थाना एसआई सतीश उपाध्याय को दी। वे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस बीच दमकल और एसडीआरएफ की टीम ने पहुंच कर रेस्क्यू अभियान चलाया। क्षतिग्रस्त वाहन के नीचे दबे पर्यटकों को किसी तरह बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार पीताम्बर नगर उन्नाव निवासी अंकित चैधरी और अभिराज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सतीश उपाध्याय ने बताया कि हादसे में अतुल दुबे और श्याम गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों को रेस्क्यू कर सड़क तक पहुंचाया गया है। घायलों को उपचार के लिए हल्द्वानी भिजवाया गया है। एसडीआरएफ के सब इंस्पेक्टर मनीष भाकुनी ने बताया कि
कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के आधार पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। खाई में चार लोग कर के अंदर फंसे मिले। उनमें से दो गंभीर घायलों को रेस्क्यू किया गया। कार में फंसे लोगों को बाहर निकाल कर हल्द्वानी हायर सेंटर भेजा गया है। दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। दोनों मृतकों को खाई से बाहर निकाल कर पुलिस के हवाले किया है, जिनका अब पोस्टमार्टम किया जाएगा।

