
देहरादून,29 मार्च 2026।
जिले में एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के अनुपालन में गठित क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) द्वारा जिलेभर में व्यापक स्तर पर छापेमारी और निरीक्षण अभियान चलाया गया।
उप जिलाधिकारी सदर हरी गिरी के नेतृत्व में क्षेत्रीय खाद्य गैस अधिकारी अजय पाल सिंह एवं पूर्ति लिपिक होशियार सिंह की संयुक्त टीम ने रिंग रोड क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पाया गया कि कई स्थानों पर भारत गैस के डिलीवरी मैन बिना अनुबंधित छोटे वाहनों—जैसे मोटरसाइकिल और साइकिल—से गैस सिलेंडर की आपूर्ति कर रहे थे, जिससे कालाबाजारी की आशंका जताई गई।
टीम ने अरविंद गैस एजेंसी एवं आधुनिक गैस एजेंसी के गोदामों का भी निरीक्षण किया, जहां अनियमितताएं सामने आने पर कड़े निर्देश जारी किए गए। स्पष्ट किया गया कि गैस सिलेंडर की डिलीवरी केवल अनुबंधित लोडर वाहनों के माध्यम से ही की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
50 स्थानों पर छापेमारी, 12 सिलेंडर जब्त
प्रशासन की क्यूआरटी टीम ने जिले में करीब 50 स्थानों पर छापेमारी की। विकासनगर क्षेत्र में 12 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए, जबकि 7 गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया गया। संयुक्त टीम ने राजीव नगर और रिस्पना पुल क्षेत्र में लगभग 38 दुकानों पर भी कार्रवाई की।
कंट्रोल रूम पर 19 शिकायतें दर्ज
जिला प्रशासन द्वारा जारी कंट्रोल रूम नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर एलपीजी आपूर्ति से संबंधित कुल 19 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
गैस आपूर्ति की स्थिति
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज जिले में लगभग 17,959 घरेलू उपभोक्ताओं एवं 407 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर वितरित किए गए। वर्तमान में घरेलू एलपीजी का 36,534 तथा व्यावसायिक का 1,671 सिलेंडर स्टॉक उपलब्ध है। प्रशासन द्वारा आपूर्ति व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम में दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

