उत्तराखंडराजनीती

धामी के विकास मॉडल पर जनता की मुहर तय, जारी रहेगी मुहिम: चौहान

कांग्रेस मे मचे घमासान से बेपरवाह भाजपा जनता के प्रति जवाबदेह

देहरादून 06 अप्रैल । भाजपा ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में होने वाले 2027 मे राज्य मे विकास के मॉडल पर जनता मुहर लगायेगी और उनके नेतृत्व मे राज्य निरंतर विकास के सोपान पर चढ़ेगा यह निश्चित है।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा विकास की इबारत लिखने मे जुटी है और वह कांग्रेस मे मचे गुटीय घमासान से बेपरवाह है, क्योंकि भाजपा जनता के प्रति जवाबदेह है। वहीं जनता भी इस बात से भली भाँति वाक़िफ़ है कि आखिरी छोर मे बैठे अंतिम व्यक्ति तक विकास को भाजपा ही पहुंचा सकती है। इसीलिए वह सरकार के नए और ऐतिहासिक निर्णयों के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ना चाहती है।

चौहान ने कहा कि विगत 9 वर्षों से उत्तराखंड में भाजपा की सरकार है, जिसमें जनता ने अपने जीवन और आस पास बड़ा बदलाव महसूस किया है। विशेषकर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर धामी के नेतृत्व में विगत 4 वर्षों में प्रदेश ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्रों में नए नए आयाम स्थापित किए हैं। सड़क, बिजली, पानी मूलभूत सुविधा मुहैया कराने में आज हम देश के चुनिंदा शीर्ष राज्यों में शामिल हैं। आधारभूत ढांचागत निर्माण में केंद्र की मदद से चौगुनी गति से काम हुआ है, ईमानदार एवं पारदर्शी तरीके से रोजगार देने और सिस्टम से भ्रष्टाचार को मिटाने में हमारी सरकार सौ फीसदी सफल हुई है। राज्य निर्माण आंदोलनकारियों के सपनों अनुरूप उत्तराखंड निर्माण में धामी सरकार प्रतिबद्धता से जुटी हुई है। राज्य की धार्मिक, सांस्कृतिक और जनसांख्यिकीय पहचान को संरक्षित एवं संवर्धित करने में भी हम सफल हुए हैं।

चौहान ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्यवाही और पारदर्शिता को एक नजीर बताते हुए कहा कि खनन को माफियाओं के चुंगल से निकालकर राज्य की अर्थिकी का अहम साधन बनाने का विजन सीएम धामी जैसे विजन वाले व्यक्ति ही कर सकते हैं। आज खनन मे राजस्व न केवल 4 गुना बढ़ा है, बल्कि बेहतर तकनीकी रूप से दोहन और विजन के लिए केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को पुरस्कृत किया है। यही स्थिति आबकारी मे भी है। यह पारदर्शी नीति और मानकों का कड़ाई से पालन से संभव हो पाया है।

उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा को लेकर सरकार की गंभीरता धरातल पर साफ दिखायी देती है। पर्वतीय क्षेत्रों मे जहाँ गाँव सड़क संपर्क से नही जुड़े है वहाँ विपरीत परिस्थितियों मे एंबुलेंस और हेली एंबुलेंस तक मुहैया करायी जा रही है। राज्य मे मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना मे युवा और महिलाओं की आर्थिकी मे उत्साहजनक नतीजे देखने को मिले हैं, जिससे पलायन पर रोक लगी है और रिवर्स पलायन भी बढ़ रहा है।

चौहान ने कांग्रेस के सत्ता प्राप्ति के ख्वाब पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनके सम्मुख अभी लम्बा इंतजार और बेहिसाब चुनौती है, क्योंकि सत्ता का रास्ता जनता देती है और जनमत भाजपा के पक्ष मे है। उन्होंने कांग्रेस की सियासी महाभारत को दुखद बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था मे विपक्ष का जन हित के लिए संघर्ष जरूरी होता है, लेकिन जिस तरह से कांग्रेस मे निजी स्वार्थों की लड़ाई चल रही है उससे जनता के मुद्दे उनके लिए दोयम हो गए हैं। कांग्रेस का यह आचरण समाज में राजनैतिक गरिमा को गिराने वाला है। जनता कांग्रेस के सभी रंगों से वाक़िफ़ हो गयी है। विकास के विजन को देखते हुए
निश्चित रूप से जनता मिशन 2027 मे फिर धामी को आशीर्वाद देने वाली है।

Related Articles

Back to top button