पीएम मोदी के दौरे की तैयारियां तेज, रूट को 13 जोन में बांटकर व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के निर्देश

देहरादून, 09 अप्रैल 2026 — माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित देहरादून दौरे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल ने गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार में जोनल, सेक्टर और नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध और सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री के स्वागत में पूरे रूट पर हजारों की संख्या में आमजन के स्वैच्छिक रूप से शामिल होने की संभावना है। इसके लिए प्रशासन द्वारा समुचित समन्वय, शांति व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने पेयजल, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बैरिकेडिंग, स्वच्छता और कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने को कहा। सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरे मार्ग पर कड़े इंतजाम करने के निर्देश भी दिए गए।
गढ़ीकैंट स्थित महेंद्र ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम स्थल पर आमजन के बैठने, वाहनों की पार्किंग, पेयजल, अल्पाहार और मोबाइल शौचालय जैसी सुविधाएं भी समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन करने को कहा गया।
जिला प्रशासन ने आशारोड़ी से गढ़ीकैंट तक पूरे रूट को 13 जोन में विभाजित कर जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए हैं। प्रधानमंत्री के भ्रमण मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक दलों द्वारा स्थानीय लोक संस्कृति और परंपराओं की झलक भी प्रस्तुत की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को गणेशपुर, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे का लोकार्पण करेंगे।
बैठक में मुख्य नगर आयुक्त नमामि बंसल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर मुख्य नगर आयुक्त प्रवीण कुमार, संयुक्त निदेशक सूचना केएस चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



