उत्तराखंडधर्म/संस्कृति

हेमकुंट साहिब यात्रा 2026: मुख्यमंत्री धामी को पहले जत्थे के विदाई समारोह का निमंत्रण

देहरादून 26 अप्रैल। पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने आगामी हेमकुंट साहिब यात्रा 2026 को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
बैठक के दौरान श्री बिंद्रा ने मुख्यमंत्री को 20 मई 2026 को आयोजित होने वाले श्री हेमकुंट साहिब यात्रा 2026 के पहले जत्थे के विदाई समारोह में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हेमकुंट साहिब यात्रा को सफल, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए शासन-प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर ट्रस्ट अध्यक्ष श्री बिंद्रा ने जानकारी दी कि 20 मई को पहले जत्थे का पारंपरिक रूप से “पंज प्यारों” के नेतृत्व में विदाई समारोह आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हेमकुंट साहिब यात्रा 2026 के कपाट 23 मई 2026 को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु गुरु गोबिंद सिंह जी की पावन तपोभूमि हेमकुंट साहिब के दर्शन के लिए पहुंचेंगे।

Related Articles

Back to top button