देहरादून, 5 अगस्त। भाजपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन के नेतृत्व में दिल्ली में आयोजित प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के साथ कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में प्रदेश में संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
निर्णय के अनुसार 8 अगस्त को देहरादून में गढ़वाल मंडल के सभी जिला एवं मंडल अध्यक्षों की बैठक आयोजित की जाएगी। वहीं 16 अगस्त को हल्द्वानी में कुमाऊं मंडल के सभी जिला अध्यक्षों एवं मंडल अध्यक्षों की बैठक होगी। दोनों बैठकों के समन्वय की जिम्मेदारी प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल को सौंपी गई है।
9 अगस्त को प्रदेशभर में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसके समन्वय का दायित्व युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विपुल मेंदोली को दिया गया है। इसके बाद 11 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जाएगा, जिसका संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट करेंगे।
पार्टी की ओर से 17 अगस्त को गढ़वाल मंडल के अंतर्गत आने वाले लोकसभा क्षेत्रों के सांसदों एवं विधायकों की बैठक देहरादून में आयोजित की जाएगी। इसी क्रम में 18 अगस्त को कुमाऊं मंडल के सांसदों एवं विधायकों की बैठक आयोजित होगी। दोनों बैठकों के समन्वय की जिम्मेदारी प्रदेश महामंत्री श्रीमती दीप्ति रावत को सौंपी गई है।
संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के उद्देश्य से 19 अगस्त से बूथ सशक्तीकरण अभियान शुरू किया जाएगा, जबकि 23 अगस्त से शक्ति केंद्रों की बैठकें आयोजित की जाएंगी।
बैठक में सितंबर माह के लिए भी विशेष अभियान की योजना बनाई गई है। इसके तहत पूरे सितंबर महीने में पार्टी के ऐसे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से मुलाकात एवं बैठकें की जाएंगी, जो वर्तमान में किसी संगठनात्मक अथवा अन्य महत्वपूर्ण दायित्व पर नहीं हैं। पार्टी नेतृत्व का उद्देश्य इन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभवों और मार्गदर्शन का लाभ लेते हुए संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाना है।
भाजपा की ओर से इन कार्यक्रमों को आगामी दिनों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

