देहरादून 6 सितंबर। भाजपा एससी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष बलबीर घुनियाल
ने देवभूमि के सामाजिक सौहार्द के लिए कल मंडल स्तर पर होने वाले धरने को बहुत अहम बताया है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की एकता और सामाजिक सौहार्द के लिए एकजुट सद्भाव ही हमारी शक्ति है और समरसता ही हमारी पहचान है। देवभूमि उत्तराखण्ड केवल हिमालय, नदियों और तीर्थों की भूमि नहीं, बल्कि भाईचारे, आपसी सम्मान और सामाजिक समरसता की पवित्र धरती है। सदियों से यहां हर वर्ग, हर समुदाय और हर व्यक्ति ने मिल-जुलकर उत्तराखण्ड की संस्कृति और पहचान को मजबूत किया है।
आज राजनीतिक स्वार्थ और समाज को बांटने वाली मानसिकता के कारण हमारे सामाजिक ताने-बाने को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे समय में हमारा दायित्व है कि हम किसी भी प्रकार के जातिवाद, वैमनस्य और विभाजनकारी सोच को उत्तराखण्ड की पावन धरती पर स्थान न दें।
भारतीय जनता पार्टी का स्पष्ट विश्वास है कि समाज की शक्ति उसकी एकता में है, विभाजन में नहीं। हम “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र के साथ प्रत्येक नागरिक को साथ लेकर चलने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इसी संकल्प के साथ भारतीय जनता पार्टी, अनुसूचित जाति मोर्चा उत्तराखंड द्वारा “सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना” आयोजित किया जा रहा है। सभी सामाजिक संगठनों, युवाओं, मातृशक्ति और देवभूमि के प्रत्येक जागरूक नागरिक से भाजपा का आग्रह है कि इस अभियान का हिस्सा बनें और पूरी दृढ़ता के साथ संदेश दें कि
हम उत्तराखण्ड को जाति के नाम पर बंटने नहीं देंगे। हम नफरत को बढ़ने नहीं देंगे। हम भाईचारे और सामाजिक समरसता को कमजोर नहीं होने देंगे। आइए, हम सब मिलकर संकल्प लें कि देवभूमि उत्तराखण्ड की पहचान आपसी प्रेम, भाईचारे, सम्मान और सामाजिक समरसता से ही बनी रहेगी।



