नैनीताल18 सितम्बर । (ललित जोशी) सरोवर नगरी से लगभग 22 किलोमीटर दूर जनपद नैनीताल भीमताल क्षेत्र के
नौल-बिजरौली और नौकुचियाताल क्षेत्र में तेज बारिश से हुए नुकसान का कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा व अधिकारियों एवं कर्मचारियों समेत ग्रामीण क्षेत्र लोगों ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया।
बारिश के चलते क्षेत्र में एक पुल बह गया, जबकि पेयजल पाइपलाइनों समेत अन्य व्यवस्थाओं को भी नुकसान पहुंचा है।
मंत्री ने स्थानीय लोगों से आपदा से हुए नुकसान की जानकारी ली और अधिकारियों को जल्द व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
यहाँ बताते चलें
बीते दिनों हुई तेज बारिश के बाद भीमताल क्षेत्र के नौल-बिजरौली और नौकुचियाताल में आपदा से हुए नुकसान का जायजा लेने कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा मौके पर पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से बारिश के कारण हुए नुकसान की जानकारी ली। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में आई दिक्कतों से मंत्री को अवगत कराया।
तेज बारिश के कारण गधेरे में पानी का बहाव बढ़ गया, जिससे पहाड़ी का कटाव शुरू हो गया और बड़ी मात्रा में मलबा नीचे की ओर आया। मलबे और तेज बहाव की चपेट में आने से कई पेड़ और पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं, पानी के तेज बहाव में एक पुल भी बह गया, जिससे क्षेत्र में आवागमन और पेयजल व्यवस्था प्रभावित हुई है।
कैबिनेट मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से नुकसान की जानकारी लेते हुए प्रभावित व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए। पेयजल समस्या को देखते हुए क्षेत्र में तत्काल पानी के टैंकर पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
मंत्री ने क्षतिग्रस्त पुल और पेयजल लाइनों समेत अन्य व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द ठीक करने को कहा, ताकि लोगों को राहत मिल सके।




