देहरादून 25 अक्टूबर ।
हर्रावाला स्थित कोर इंटरनेशनल स्कूल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से विजयादशमी पर्व के उपलक्ष्य में पारंपरिक शस्त्र पूजन कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों के साथ स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की। शस्त्र पूजन के उपरांत स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में पथ संचलन निकाला।
कार्यक्रम में संघ के वरिष्ठ प्रचारक श्री संजय जी ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए संघ की सौ वर्षों की यात्रा का वृत्तांत प्रस्तुत किया। उन्होंने इस दौरान राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में संघ द्वारा किए गए कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने राष्ट्र की प्रगति और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए सामाजिक समरसता को मजबूत करने, परिवारों में नई पीढ़ी के बीच संस्कार एवं मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने स्वयंसेवकों से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच समरसता और आपसी सद्भाव बढ़ाने के साथ ही परिवार एवं पर्यावरण से जुड़े विषयों पर निरंतर कार्य करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री राजपाल सिंह रावत ने की। इस अवसर पर संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता श्री ललित बड़ाकोटी, जोत सिंह बिष्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान, प्रेम चमोला, मदन सिंह नेगी, अनूप सेमवाल, सिकंदर कुमार, मधुसूदन किमोठी, राजेंद्र पोखरियाल, मूलचंद शीर्षवाल, राहुल कुमार, प्रशांत खरोला, विनोद कुमार, सौरभ नौडियाल, मनवर सिंह नेगी और ममता रावत सहित अनेक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

