उत्तराखंडधर्म/संस्कृति

भाजपा परिवार ने पत्रकारों के साथ मनाया दीपावली मिलन समारोह, महेंद्र भट्ट ने दी शुभकामनाएं

पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ, देश और समाज को दिशा देने में निभाएं मार्गदर्शक की भूमिका : महेंद्र भट्ट

देहरादून, 7 नवंबर। भाजपा परिवार की ओर से हरिद्वार रोड स्थित रिस्पना पुल के समीप एक निजी संस्थान में पत्रकारों के साथ दीपावली मिलन समारोह हर्षोल्लास एवं उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने उपस्थित पत्रकारों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके परिजनों और समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम में भाजपा की मीडिया टीम की ओर से पत्रकारों के साथ औपचारिक मुलाकात एवं संवाद किया गया। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत और प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने सभी पत्रकारों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की बधाई दी।

पत्रकारों से संवाद करते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे और महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती और सरकार एवं समाज के बीच सार्थक संवाद स्थापित करने में मीडिया की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब देश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है, ऐसे में पत्रकार समाज का आईना और उसकी आवाज बनकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं। देश और प्रदेश को आगे बढ़ाने तथा लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में पत्रकारों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने पत्रकारों से समाज को सकारात्मक दिशा देने और विकास की यात्रा में मार्गदर्शक की भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने भी सभी पत्रकारों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि और राजनेता के रूप में पत्रकारों के साथ निरंतर संवाद बना रहता है। समाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों और समस्याओं पर पत्रकारों से मिलने वाले सुझाव सरकार एवं राजनीतिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने में सहायक होते हैं।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि दीपावली का पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, उमंग और उल्लास लेकर आए। इस पर्व से मिलने वाली सकारात्मक ऊर्जा प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने में उपयोगी साबित हो।

इस दौरान प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह नेगी, संपूर्ण रावत, कुलदीप रावत, प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी, हनी पाठक, कमलेश रमन एवं संपर्क प्रमुख हरीश चमोली सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button