*प्रदेश प्रभारी के नेतृत्व में मसूरी मे होगी बैठक, दिसम्बर माह के कार्यक्रम होंगे तय!*
देहरादून 10 नवंबर। भाजपा की दो दिवसीय विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति कुंभनगरी हरिद्वार में आयोजित होने जा रही है।प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी और मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में होने वाली इस बैठक में संगठनिक कार्यक्रमों की कार्ययोजना एवं 27 की चुनावी रणनीति पर मुहर लगाई जाएगी। इससे पूर्व माह मध्य में भी प्रदेश प्रभारी के नेतृत्व में दिसम्बर माह के कार्यक्रमों को लेकर महत्वपूर्ण प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक भी आयोजित होने जा रही है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री मनवीर सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि यह विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति 21 एवं 22 नवंबर को संपन्न होगी। जिसमें 21 नवंबर को प्रदेश सयुंक्त मोर्चा कार्यसमिति बैठक होगी, जिसमें सर्वप्रथम पार्टी द्वारा अब तक संपन्न एवं वर्तमान में संचालित सांगठनिक कार्यक्रमों की समीक्षा होगी। तदोपरान्त आगामी सांगठनिक कार्यक्रमों एवं 2027 की चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा कर उन्हें अंतिम रूप दिया जायेगा। इसी दिन पार्टी के सभी मोर्चों की संयुक्त प्रदेश कार्यसमिति की बैठक भी संपन्न की जाएगी। जिसमें मोर्चों के सांगठनिक कार्यक्रमों के साथ साथ चुनावों में उनकी भूमिका को लेकर रणनीति निर्धारण किया जाएगा। 21 नवम्बर शाम को प्रदेश पदाधिकारी बैठक भी होगी ।
प्रदेश कार्यसमिति के दूसरे दिन 22 नवंबर को पार्टी की विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति बैठक का आयोजन किया जाएगा। जिसमें प्रदेश पदाधिकारी बैठक में निर्धारित आगामी कार्यक्रमों की कार्ययोजना एवं चुनावी रणनीति पर मुहर लगाई जाएगी। इस बैठक में प्रदेश प्रभारी श्री राम माधव सह प्रभारी श्री अरविंद मेनन एवं श्रीमती बांसुरी स्वराज के साथ मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन श्री फ़णींद्रनाथ शर्मा भी प्रमुख रूप से सहभागिता करेंगे।
इससे पूर्व 15 नवंबर से प्रदेश प्रभारी श्री राम माधव और प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। मसूरी में होने वाली इस बैठक में प्रदेश सह प्रभारी श्री अरविंद मेनन एवं श्रीमती बांसुरी स्वराज के साथ प्रदेश महामंत्री संगठन श्री फणींद्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री श्री कुंदन परिहार, श्री तरुण बंसल एवं श्रीमती दीप्ति रावत और प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष शामिल होंगे। जिसमें पार्टी के दिसंबर माह में होने वाले सांगठनिक एवं चुनावी तैयारी के कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जाएगा।


