देहरादून 17 नवंबर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट ने ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर टिहरी गढ़वाल के गुलर क्षेत्र में हुई भीषण बस दुर्घटना तथा प्रदेश में घटित अन्य सड़क हादसों पर गहरा दुःख एवं संवेदना व्यक्त की है। हरिद्वार से जोशीमठ जा रही इस यात्री बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से हुई जनहानि को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। साथ ही संगठन एवं सरकार द्वारा पीड़ित परिजनों एवं घायलों की यथासंभव मदद का भरोसा दिलाया है।
अपने शोक संदेश में श्री महेंद्र भट्ट ने कहा कि इस हृदय विदारक दुर्घटना में अनेक लोगों की असमय मौत को अत्यंत दुखद बताया। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए उन्होंने कहा कि परिवारजनों के लिए इस असहनीय दुःख की घड़ी में भाजपा परिवार पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान देने तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। साथ ही प्रार्थना की कि ईश्वर शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
वहीं श्री भट्ट ने आश्वस्त किया कि प्रभावित परिवारों और घायलों को राज्य सरकार एवं पार्टी संगठन के स्तर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

