राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने अधिकारियों को दिए नशे और अवैध गतिविधियों पर सख्ती के निर्देश
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर संवेदनशील स्थानों पर एंबुलेंस तैनात करने को कहा
देहरादून/पंतनगर, 17 नवम्बर। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने मंगलवार को गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के सभागार में ऊधम सिंह नगर और नैनीताल जनपदों के जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों तथा प्रभागीय वनाधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने दोनों जिलों में संचालित विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
राज्यपाल ने अधिकारियों को नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे की प्रवृत्ति से बचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए नशे के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाने के साथ ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए राज्यपाल ने दोनों जिलों में दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट चिह्नित करने और वहां आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए चिन्हित संवेदनशील स्थानों पर एंबुलेंस की तैनाती की जाए। उन्होंने अवैध मदिरा के कारोबार और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर भी प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए।
राज्यपाल ने जनजातीय क्षेत्रों के विकास पर जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना जनजातीय समुदायों के उत्थान के लिए केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इसके तहत सभी पात्र लोगों तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन और उनकी प्रगति की विस्तृत जानकारी भी ली।
बैठक में जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से जनपद की भौगोलिक स्थिति, विकास कार्यों और प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी दी। वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने जिले की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं से राज्यपाल को अवगत कराया।
जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने जनपद में संचालित विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि जमरानी बांध परियोजना का कार्य प्रगति पर है और इसे वर्ष 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने जनपद की कानून-व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन की स्थिति की जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति, एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी, प्रभागीय वनाधिकारी यूसी तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अरविंद पांडेय, सीएमओ डॉ. एसके गोस्वामी, डॉ. रश्मि पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


