उत्तराखंडराज्य

राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने पंतनगर में किया कृषक संवाद, आधुनिक तकनीक और नवाचार अपनाने पर दिया जोर

पंतनगर विश्वविद्यालय के 67वें स्थापना दिवस पर पंतनगर संग्रहालय का किया अवलोकन, विभिन्न भवनों के बीच द वाइब स्ट्रीट एवं परीक्षा हॉल का किया शिलान्यास

देहरादून/पंतनगर, 17 नवम्बर। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने मंगलवार को गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के 67वें विश्वविद्यालय स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने पंतनगर संग्रहालय का अवलोकन किया तथा विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया।

राज्यपाल ने सरस्वती भवन, सुभाष भवन, गांधी भवन, अंबेडकर भवन एवं मंदाकिनी भवन परिसर के मध्य प्रस्तावित द वाइब स्ट्रीट तथा पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय के परीक्षा हॉल का विधिवत शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने हिमालय कृषक उत्पादक संगठन, कृषि विज्ञान केंद्र ज्योलीकोट, गैना-एंचौली सहित विभिन्न महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा उत्पादित वस्तुओं के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने उत्पादों की गुणवत्ता, उत्पादन प्रक्रिया एवं विपणन से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की।

इसके उपरांत राज्यपाल ने कृषक संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे प्रगतिशील किसानों से सीधा संवाद किया। उन्होंने किसानों के अनुभवों और सुझावों को सुना तथा युवाओं को कृषि एवं बागवानी के क्षेत्र से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। राज्यपाल ने कहा कि कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों, नवाचारों और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाना समय की आवश्यकता है। इससे खेती को अधिक लाभकारी बनाने के साथ ही किसानों की आय बढ़ाने के नए अवसर भी सृजित किए जा सकते हैं।

कृषक संवाद के दौरान किसानों ने मधुमक्खी पालन, सीप पालन, मत्स्य पालन, मक्का एवं दलहन की खेती तथा एकीकृत कृषि प्रणाली (इंटीग्रेटेड फार्मिंग) से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। किसानों ने इन गतिविधियों के माध्यम से कृषि क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं और अपने कार्यों की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एस.के. कश्यप, डीन बी.एस. चलाल सहित विभिन्न जिलों से पहुंचे प्रगतिशील किसान, कृषि वैज्ञानिक एवं विश्वविद्यालय के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button