Breaking Newsउत्तराखंडराज्य

एडीजी वी. मुरुगेसन और एडीजी ए.पी. अंशुमान की संयुक्त अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

कुंभ-2027 की सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, आतंकवाद से लेकर साइबर खतरों तक पर बनेगी पैनी नजर

**, ICCC, CCTV, ड्रोन और एंटी ड्रोन प्रणाली से होगी मेला क्षेत्र की निगरानी**

हरिद्वार, 17 नवंबर।

आगामी कुंभ मेला-2027 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशन में मंगलवार को हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण भवन सभागार में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) वी. मुरुगेसन तथा अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए.पी. अंशुमान की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, आतंकवाद निरोधक उपायों, साइबर सुरक्षा और आधुनिक तकनीकी संसाधनों के उपयोग सहित कुंभ से जुड़ी तमाम तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कुंभ मेले के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। आतंकवाद, संगठित अपराध, साइबर हमलों और अन्य संभावित सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा रणनीति तैयार की जा रही है। वहीं, प्रमुख स्नान पर्वों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई जाएगी।

बैठक के प्रारंभ में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से तैयारियों एवं प्रस्तावित कार्ययोजनाओं की जानकारी दी। पुलिस महानिरीक्षक कुंभ मेला योगेंद्र सिंह रावत तथा मेलाधिकारी सोनिका सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों ने भी अपने-अपने दायित्वों और तैयारियों से अवगत कराया।

**भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस**

बैठक में प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान संभावित भीड़ के प्रभावी प्रबंधन, पैदल यात्रियों के डायवर्जन, होल्डिंग एरिया, आपातकालीन निकासी और आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर विशेष चर्चा हुई। प्रमुख स्नान घाटों एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, वॉच टावरों की स्थापना और बम निरोधक दस्तों के माध्यम से एंटी सबोटाज चेकिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

संभावित आतंकी गतिविधियों और अन्य सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए एटीएस, एसटीएफ एवं अभिसूचना इकाइयों की भूमिका की भी समीक्षा की गई। संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

**हाईटेक निगरानी से सुरक्षित होगा कुंभ क्षेत्र**

कुंभ मेले में आधुनिक तकनीक आधारित सुरक्षा व्यवस्था विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके तहत इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC), सीसीटीवी नेटवर्क, ड्रोन एवं एंटी ड्रोन प्रणाली, सर्विलांस और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को समयबद्ध तरीके से स्थापित कर क्रियाशील करने की योजना की समीक्षा की गई।

साइबर सुरक्षा के दृष्टिगत सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भ्रामक सूचनाओं, अफवाहों एवं संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए। साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी की रोकथाम के लिए प्रभावी तंत्र विकसित करने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।

**यातायात, रेलवे और अग्निशमन व्यवस्था की समीक्षा**

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग स्थलों, होल्डिंग एरिया, वैकल्पिक यातायात मार्गों और संभावित बॉटलनेक प्वाइंट्स को चिह्नित कर उनके प्रभावी प्रबंधन की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। रेलवे स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण, ट्रेनों के नियमन, जीआरपी की तैनाती और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।

इसके अलावा अग्निशमन सुरक्षा, फायर स्टेशनों, आवश्यक उपकरणों, संसाधनों और संचार व्यवस्था को मजबूत बनाने पर चर्चा हुई।

**पुलिस बल और आधारभूत सुविधाएं समय से जुटाने के निर्देश**

कुंभ मेले के लिए सीएपीएफ, होमगार्ड, घुड़सवार पुलिस, जल पुलिस, यातायात पुलिस और अग्निशमन कर्मियों की आवश्यकता का आकलन कर समय से उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। बाहरी राज्यों से आने वाले पुलिस बल के साथ समन्वय, पुलिसकर्मियों के आवास, भोजन, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही निर्माणाधीन पुलिस थानों, चौकियों, पुलिस लाइनों और अन्य आधारभूत संरचनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने, आवश्यक वाहनों एवं उपकरणों की खरीद और बजट आवंटन संबंधी कार्यवाही प्राथमिकता से पूरी करने को कहा गया। मेला क्षेत्र में प्रभावी सत्यापन अभियान चलाने तथा सीमावर्ती राज्यों के पुलिस अधिकारियों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

**वरिष्ठ अधिकारियों ने किया मेला क्षेत्र का निरीक्षण**

समीक्षा बैठक के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कुंभ मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एडीजी वी. मुरुगेसन और एडीजी ए.पी. अंशुमान ने पुलिस लाइन ऋषिकुल का संयुक्त निरीक्षण किया। वहीं, आईजी नीलेश आनंद भरणे ने पुलिस थानों, चौकियों, प्रमुख घाटों, हरकी पैड़ी, अस्थायी पुलों और संकरे मार्गों का निरीक्षण किया।

आईजी विम्मी सचदेवा ने संचार व्यवस्था, सब कंट्रोल रूम और फायर स्टेशनों का जायजा लिया, जबकि आईजी एवं निदेशक यातायात व जीआरपी कृष्ण कुमार वी.के. ने पुलिस लाइन, हाईवे पार्किंग, होल्डिंग एरिया और रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। आईजी पी एंड एम एवं मुख्यालय बरिंदरजीत सिंह ने निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति देखी।

अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने और प्रत्येक कार्य की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

बैठक में आईजी विम्मी सचदेवा, कृष्ण कुमार वी.के., नीलेश आनंद भरणे, एसटीएफ एवं साइबर के आईजी, अनंत शंकर ताकवाले, गढ़वाल परिक्षेत्र के आईजी राजीव स्वरूप, सुनील मीणा, योगेंद्र सिंह रावत, बरिंदरजीत सिंह, डीआईजी धीरेन्द्र गुंज्याल, एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह, एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल, एसएसपी अभिसूचना मणिकांत मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन बैठकों और स्थलीय निरीक्षणों का उद्देश्य कुंभ मेला-2027 से जुड़ी सभी सुरक्षा एवं व्यवस्थागत तैयारियों का समय रहते आकलन कर विभिन्न विभागों और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम कुंभ का अनुभव मिल सके।

Related Articles

Back to top button