ICJS 2.0 रैंकिंग में उत्तराखण्ड पुलिस देश में प्रथम, प्रयागराज महाकुंभ–2025 में एसडीआरएफ की भूमिका को मिला राष्ट्रीय सम्मान
देहरादून 07 जनवरी 2026। 

उत्तराखण्ड पुलिस ने डिजिटल पुलिसिंग और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में एक साथ दो बड़ी उपलब्धियाँ हासिल कर राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था तथा पुलिस मुख्यालय के मुख्य प्रवक्ता श्री सुनील कुमार मीणा ने आज सरदार पटेल भवन स्थित सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में इन उपलब्धियों की जानकारी दी।
प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) द्वारा प्रकाशित CCTNS/ICJS प्रगति डैशबोर्ड की मासिक रैंकिंग में ICJS (Inter-Operable Criminal Justice System) 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उत्तराखण्ड पुलिस को देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। उत्तराखण्ड को इस रैंकिंग में 93.46 अंक मिले हैं, जबकि हरियाणा दूसरे और असम तीसरे स्थान पर रहे।
श्री मीणा ने कहा कि यह उपलब्धि राज्य पुलिस की तकनीकी दक्षता, डिजिटल नवाचार और सभी जनपदों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। ICJS 2.0 के अंतर्गत पुलिस, न्यायालय, अभियोजन, जेल, फॉरेंसिक तथा फिंगरप्रिंट डेटाबेस को एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है। “One Data, One Entry” की अवधारणा के अनुरूप CCTNS, e-Courts और e-Prisons के बीच सशक्त समन्वय स्थापित किया गया है, जिससे केस डायरी, चार्जशीट, डिजिटल साक्ष्य एवं न्यायिक प्रक्रियाएँ अधिक पारदर्शी और समयबद्ध हुई हैं।
प्रयागराज महाकुंभ–2025 में उत्तराखण्ड एसडीआरएफ का उत्कृष्ट योगदान
प्रेस वार्ता में दूसरी बड़ी उपलब्धि के रूप में प्रयागराज महाकुंभ–2025 के दौरान उत्तराखण्ड एसडीआरएफ की सराहनीय भूमिका की जानकारी दी गई। उत्तर प्रदेश शासन के आग्रह पर उत्तराखण्ड एसडीआरएफ की एक कंपनी को महाकुंभ ड्यूटी में तैनात किया गया था।
112 सदस्यीय एसडीआरएफ दल ने 24 जनवरी से 27 फरवरी तक संगम नोज एवं अन्य अति संवेदनशील क्षेत्रों में जल रेस्क्यू, प्राथमिक उपचार, लापता श्रद्धालुओं की सहायता तथा समन्वित राहत एवं बचाव कार्यों को पूर्ण निष्ठा और अनुशासन के साथ अंजाम दिया। इस उत्कृष्ट सेवा के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा एसडीआरएफ उत्तराखण्ड के अधिकारियों एवं जवानों को मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदत्त मेडल एवं प्रशस्ति पत्र पुलिस महानिरीक्षक श्री सुनील कुमार मीणा द्वारा एसडीआरएफ के अधिकारियों और जवानों को प्रदान किए गए।
पुलिस महानिदेशक ने दी बधाई
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ ने ICJS 2.0 में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर CCTNS टीम सहित उत्तराखण्ड पुलिस के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ICJS 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन से जांच प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, साक्ष्य-आधारित और समयबद्ध होगी। साथ ही e-Sakshya, e-Summons और Nyaya Shruti जैसे उन्नत मॉड्यूल्स के व्यापक उपयोग से राज्य की डिजिटल न्याय प्रणाली और अधिक सुदृढ़ होगी।
महाकुंभ–2025 के दौरान एसडीआरएफ द्वारा प्रदर्शित अनुशासित, समर्पित और उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना करते हुए पुलिस महानिदेशक ने भविष्य में भी इसी प्रकार जनसेवा और पेशेवर प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहने की शुभकामनाएँ दीं।
