उत्तराखंडमनोरंजन

उत्तराखंड को फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में मिल रही नई पहचान: कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा

Times of India के फिल्म एवं क्रिएटिव आर्ट्स कॉन्क्लेव में बोले मंत्री—फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध; स्थानीय कलाकारों और युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए अवसर

देहरादून। उत्तराखंड फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में देश में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार फिल्म निर्माण और फिल्म उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। यह बात कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने शुक्रवार को देहरादून स्थित हयात सेंट्रिक में आयोजित उत्तराखंड फिल्म एवं क्रिएटिव आर्ट्स वर्कशॉप एवं कॉन्क्लेव में कही।

Times of India समूह की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि राज्य सरकार फिल्म निर्माताओं और शूटिंग से जुड़े लोगों को हरसंभव सुविधाएं एवं सहयोग उपलब्ध करा रही है। सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के लिए आकर्षक और सुविधाजनक गंतव्य के रूप में स्थापित करना है।

प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत बनी ताकत

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, मनमोहक वादियां, विविध भौगोलिक परिस्थितियां और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत इसे फिल्म शूटिंग के लिए विशेष बनाती हैं। प्रदेश में मौजूद विविध लोकेशन फिल्म निर्माताओं को अलग-अलग तरह की कहानियों और दृश्यों को फिल्माने का अवसर प्रदान करती हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से उत्तराखंड की पहचान देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशनों में लगातार मजबूत हो रही है। फिल्म एवं क्रिएटिव आर्ट्स के क्षेत्र में प्रदेश के विकास की व्यापक संभावनाएं हैं।

स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि फिल्म एवं क्रिएटिव आर्ट्स से जुड़े ऐसे आयोजन स्थानीय कलाकारों, युवाओं, विद्यार्थियों और उभरती प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें फिल्म और मनोरंजन जगत के अनुभवी व्यक्तित्वों से जुड़ने, उनके अनुभवों से सीखने और अपनी प्रतिभा को निखारने का मौका मिलता है।

उन्होंने कहा कि फिल्म उद्योग के विस्तार से प्रदेश में रोजगार और स्वरोजगार की नई संभावनाएं विकसित होंगी। स्थानीय कलाकारों और क्रिएटिव प्रोफेशनल्स को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच मिल सकेगा।

फिल्म विकास परिषद की भूमिका अहम

उत्तराखंड फिल्म एवं क्रिएटिव आर्ट्स वर्कशॉप एवं कॉन्क्लेव का आयोजन ऑप्टिमल मीडिया सॉल्यूशंस (Times of India समूह) की ओर से किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश में फिल्म निर्माण और क्रिएटिव आर्ट्स को प्रोत्साहित करना, उभरती प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा उत्तराखंड को देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशनों में स्थापित करना है।

इस दिशा में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। परिषद फिल्म नीति के माध्यम से फिल्म निर्माताओं को सहयोग देने, प्रदेश में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने और स्थानीय कलाकारों के लिए अवसर विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है।

फिल्मी हस्तियों ने साझा किए अनुभव

कॉन्क्लेव में फिल्म एवं मनोरंजन जगत से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों, लेखकों, गीतकारों, निर्देशकों, विद्यार्थियों और क्रिएटिव प्रोफेशनल्स को एक मंच पर लाया गया। कार्यक्रम में लेखक एवं पटकथा लेखक दिव्य प्रकाश दुबे, बॉलीवुड गीतकार दानिश साबरी, फिल्म निर्माता एवं अभिनेता अनंत महादेवन तथा निर्देशक एवं सह-निर्माता कुशल प्रेम श्रीवास्तव सहित अन्य फिल्मी हस्तियों की सहभागिता रही।

कार्यक्रम में उत्तराखंड में फिल्म निर्माण की संभावनाओं, स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, फिल्म पर्यटन और क्रिएटिव इंडस्ट्री के विकास पर चर्चा की गई। आयोजकों और प्रदेश सरकार की इस पहल को उत्तराखंड में फिल्म उद्योग के विस्तार तथा फिल्म पर्यटन को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button