जनगणना-2027: दून विश्वविद्यालय में स्व-गणना जागरूकता शिविर, छात्रों और शिक्षकों को दी गई ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी

जनगणना निदेशालय की पहल; युवाओं से डिजिटल माध्यम से स्वयं और परिवार की जानकारी दर्ज करने तथा लोगों को जागरूक करने का आह्वान
देहरादून। जनगणना-2027 के तहत डिजिटल स्व-गणना (Self-Enumeration) सुविधा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गृह मंत्रालय, भारत सरकार के जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखण्ड की ओर से आज दून विश्वविद्यालय में विशेष जागरूकता एवं सहायता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों और कर्मचारियों को ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया और इसके महत्व की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखण्ड की निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने विश्वविद्यालय परिवार से संवाद करते हुए डिजिटल स्व-गणना सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा तकनीक का उपयोग करते हुए स्वयं ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज करें। साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी इस सुविधा के प्रति जागरूक करें, ताकि जनगणना अभियान में व्यापक भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
डिजिटल जागरूकता में युवाओं की भूमिका अहम
दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने जनगणना कार्य निदेशालय की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों के युवा समाज में डिजिटल जागरूकता फैलाने और राष्ट्रीय अभियानों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कुलपति ने विश्वविद्यालय परिवार से जनगणना-2027 में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने जनगणना कार्य निदेशालय को विश्वविद्यालय की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन भी दिया।
लाइव डेमो के जरिए समझाई स्व-गणना प्रक्रिया
शिविर के दौरान उप निदेशक आर. के. बनवारी और निदेशालय की तकनीकी टीम ने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना करने की चरणबद्ध प्रक्रिया का लाइव डेमो प्रस्तुत किया। प्रतिभागियों को बताया गया कि डिजिटल माध्यम से किस तरह अपनी और परिवार की जानकारी दर्ज की जा सकती है।

कार्यक्रम में मौके पर ही कई छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की स्व-गणना प्रक्रिया पूरी कराई गई। इस दौरान प्रतिभागियों को ऑनलाइन सुविधा के उपयोग से संबंधित जानकारी और सहायता भी उपलब्ध कराई गई।
जनगणना कार्य निदेशालय की इस पहल का उद्देश्य जनगणना-2027 में डिजिटल स्व-गणना सुविधा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को ऑनलाइन प्रक्रिया से जोड़ना है।
