उत्तराखंड

उत्तराखण्ड के MSME उद्यमियों के लिए वैश्विक बाजार के नए द्वार खोलेंगे FTA, निर्यात को मिलेगा बढ़ावा: भरत सिंह चौधरी

उत्तराखण्ड के MSME उद्यमियों के लिए वैश्विक बाजार के नए द्वार खोलेंगे FTA, निर्यात को मिलेगा बढ़ावा: भरत सिंह चौधरी

मुक्त व्यापार समझौतों पर देहरादून में कार्यशाला आयोजित; 13,802 करोड़ रुपये तक पहुंचा राज्य का निर्यात, खुरपिया में 1,100 करोड़ की लागत से विकसित हो रहा एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर

देहरादून, 27 नवंबर। उत्तराखण्ड के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को वैश्विक बाजार से जोड़ने और राज्य के निर्यात को नई गति देने के उद्देश्य से शुक्रवार को देहरादून में ‘Leveraging FTAs – Outreach Programme’ के तहत कार्यशाला आयोजित की गई। होटल हयात सेंट्रिक में भारत सरकार और उत्तराखण्ड सरकार के उद्योग विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में उद्यमियों, निर्यातकों और विभिन्न हितधारकों को मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) के जरिए अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उपलब्ध अवसरों, टैरिफ रियायतों, निर्यात प्रक्रियाओं और जरूरी प्रमाणन की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में MSME, ग्राम्य विकास तथा खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि मुक्त व्यापार समझौते उत्तराखण्ड के उद्यमियों, विशेषकर MSME इकाइयों के लिए वैश्विक बाजारों तक पहुंच बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इनके जरिए भारतीय उत्पादों को कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कम या शून्य सीमा शुल्क पर पहुंचने का अवसर मिल रहा है। इससे निर्यात के साथ निवेश, तकनीकी सहयोग और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।

2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में निर्यात की अहम भूमिका

मंत्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने में निर्यात की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। ऑस्ट्रेलिया, यूएई और न्यूजीलैंड जैसे देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौते MSME क्षेत्र को वैश्विक सप्लाई चेन से जोड़ने में मददगार साबित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के हस्तशिल्प, हथकरघा, जैविक उत्पाद, मोटे अनाज, खाद्य प्रसंस्करण, फार्मास्यूटिकल और इंजीनियरिंग उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अच्छी संभावनाएं हैं। उद्यमियों को इन अवसरों का लाभ उठाने के लिए उत्पादों की गुणवत्ता और अंतरराष्ट्रीय मानकों पर विशेष ध्यान देना होगा।उत्तराखण्ड के MSME उद्यमियों के लिए वैश्विक बाजार के नए द्वार खोलेंगे FTA, निर्यात को मिलेगा बढ़ावा: भरत सिंह चौधरी

तीन साल में 70,397 करोड़ के निवेश को सैद्धांतिक मंजूरी

राज्य में औद्योगिक विकास और निवेश की स्थिति का उल्लेख करते हुए मंत्री ने बताया कि इन्वेस्ट उत्तराखण्ड पोर्टल के माध्यम से 20 से अधिक विभागों की लगभग 206 सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। पिछले तीन वर्षों में 6,932 परियोजनाओं के लिए 70,397 करोड़ रुपये के निवेश को सैद्धांतिक स्वीकृति दी गई है।

उन्होंने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में औद्योगिकीकरण को बढ़ावा देने के लिए पौड़ी, चमोली और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। हरिद्वार में 194 करोड़ रुपये की लागत से फ्लैटेड फैक्ट्री स्थापित की गई है, जबकि सेलाकुई और पंतनगर में भी इसी तरह की सुविधाएं विकसित करने की योजना है।

खुरपिया में 1,100 करोड़ का विनिर्माण क्लस्टर, 25 हजार रोजगार की संभावना

मंत्री ने कहा कि ऊधमसिंह नगर के किच्छा स्थित खुरपिया में 1,002 एकड़ क्षेत्रफल में 1,100 करोड़ रुपये की लागत से एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना से लगभग 7,500 करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित होने और करीब 25 हजार रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

13,802 करोड़ रुपये तक पहुंचा उत्तराखण्ड का निर्यात

निर्यात के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए चौधरी ने बताया कि राज्य का निर्यात वर्ष 2017-18 में 10,836 करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 13,802 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। राज्य की निर्यात नीति के तहत निर्यातक इकाइयों को विपणन, कौशल विकास, गुणवत्ता प्रमाणन और अनुसंधान के लिए वित्तीय प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पंतनगर और काशीपुर में इनलैंड कंटेनर डिपो स्थापित किए जा चुके हैं। वहीं, हरिद्वार और बनबसा में लॉजिस्टिक्स तथा व्यापारिक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है, ताकि निर्यात से जुड़ी प्रक्रियाओं को और सुगम बनाया जा सके।

‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ और ‘हिमाद्री’ से स्थानीय उत्पादों को पहचान

मंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के पारंपरिक हस्तशिल्प, ऐंपण कला, मोटे अनाज, महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों और ‘एक जनपद-दो उत्पाद’ को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ और ‘हिमाद्री’ जैसे ब्रांड महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने उद्यमियों से मुक्त व्यापार समझौतों की बारीकियों को समझने, अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप उत्पाद तैयार करने और उपलब्ध निर्यात अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाना और औद्योगिक विकास का लाभ प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

टैरिफ रियायतों और निर्यात नियमों पर विशेषज्ञों ने दी जानकारी

कार्यशाला में विशेषज्ञों ने मुक्त व्यापार समझौतों के तहत मिलने वाली टैरिफ रियायतों, Rules of Origin (उत्पत्ति के नियम), आवश्यक प्रमाणन, निर्यात प्रक्रियाओं और विभिन्न देशों में उपलब्ध व्यापारिक अवसरों पर विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान उद्यमियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया और प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से उनके साथ संवाद भी किया गया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य उत्तराखण्ड के उद्यमियों को वैश्विक व्यापार के बदलते परिदृश्य से परिचित कराना और राज्य के स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

Related Articles

Back to top button