उत्तराखंड

संविधान दिवस पर कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च, हजारों कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ भरी हुंकार

भ्रष्टाचार के खिलाफ पखवाड़ेभर चला हस्ताक्षर अभियान मार्च के साथ संपन्न; लोकभवन की ओर कूच, संविधान की प्रस्तावना और रक्षा की प्रतिज्ञा का किया पाठ

देहरादून, 26 नवंबर। संविधान दिवस के अवसर पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित विशाल ‘संविधान रक्षा मार्च’ के साथ भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ पखवाड़ेभर चला हस्ताक्षर अभियान और संविधान बचाओ अभियान संपन्न हो गया। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मार्च में भाग लेकर भाजपा सरकार की कथित भ्रष्टाचार, जनविरोधी नीतियों और संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग के खिलाफ आवाज बुलंद की।

 

संविधान दिवस पर कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च, हजारों कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ भरी हुंकार

कार्यकर्ताओं ने हाथों में संविधान की प्रस्तावना और संविधान रक्षा से जुड़े संदेशों की तख्तियां लेकर लोकभवन की ओर कूच किया। कार्यक्रम में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा सहित वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों, पूर्व सांसदों, प्रदेश पदाधिकारियों, विभिन्न अनुषांगिक संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।

राहुल गांधी की लड़ाई के साथ खड़ा है कांग्रेस कार्यकर्ता: पार्टी

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हस्ताक्षर अभियान और संविधान बचाओ-देश बचाओ अभियान में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी ने संगठन को नई मजबूती दी है। पार्टी ने दावा किया कि अभियान के दौरान प्रदेश की जनता का व्यापक समर्थन देखने को मिला।

नेताओं ने कहा कि संविधान दिवस पर आयोजित मार्च में कार्यकर्ताओं का जोश और उत्साह इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता राहुल गांधी के नेतृत्व में संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई में मजबूती से खड़ा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनाव आयोग सहित संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर सत्ता में बने रहने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता ऐसी नीतियों के खिलाफ जनहित की लड़ाई जारी रखेंगे।

संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता पर उठाए सवाल

कांग्रेस वक्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार पर केंद्रीय जांच एजेंसियों, चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं का राजनीतिक हितों के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता और स्वतंत्रता को कमजोर करने के प्रयास लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती हैं।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सत्ता के अहंकार में जनता की आवाज दबाने और अपनी नीतियां थोपने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, समानता, स्वतंत्रता और न्याय की गारंटी है।

पार्टी ने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने की प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि संवैधानिक मूल्यों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।

सड़क से सदन तक जारी रहेगा संघर्ष

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, भ्रष्टाचार और सत्ता के कथित दुरुपयोग से विपक्ष के साथ आम जनता भी परेशान है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता भाजपा के कुशासन से मुक्ति चाहती है।

पार्टी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस सड़क से सदन तक जनता की आवाज उठाती रहेगी और संविधान, लोकतंत्र तथा आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए अपने संघर्ष को और तेज करेगी।

 

डॉ. आंबेडकर को किया नमन

संविधान रक्षा मार्च से पूर्व कांग्रेसजनों ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया गया और संविधान की रक्षा की प्रतिज्ञा ली गई।

कार्यक्रम में प्रदेशभर से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प के साथ मार्च में भाग लिया।

Related Articles

Back to top button