उत्तराखंडराज्य

‘‘माय इंडिया, माय वोट’’ थीम पर जनपद में उत्साहपूर्वक मना 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस

जिलाधिकारी ने दिलाई लोकतांत्रिक मूल्यों व निर्भीक मतदान की शपथ

रूद्रपुर, 24 जनवरी, 2026 ।

‘‘माय इंडिया, माय वोट’’ तथा ‘‘वोट जैसा कुछ नहीं—वोट जरूर डालेंगे हम’’ की थीम पर आधारित 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस जनपदभर में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्री नितिन सिंह भदौरिया ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखने तथा निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन के प्रति प्रतिबद्ध रहने की शपथ दिलाई।
शपथ के दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि वे लोकतंत्र में पूर्ण आस्था रखते हुए धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे तथा लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा बनाए रखेंगे।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि अधिक से अधिक मतदान से ही लोकतंत्र सशक्त और मजबूत बनता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं अपने मताधिकार का प्रयोग करें और अन्य लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करें। उन्होंने मताधिकार को लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए इसके महत्व को रेखांकित किया।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जनपद के विद्यालयों में चित्रकला, निबंध एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
पोस्टर/चित्रकला प्रतियोगिता में जनता इंटर कॉलेज, रूद्रपुर की नीलम कुमार ने प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फाजलपुर महरौली की मानसी विश्वास ने द्वितीय तथा राजकीय इंटर कॉलेज, कनकपुर की शिवाली राठौर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
निबंध प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज, कनकपुर की कोमल तिवारी प्रथम, श्री सनातन धर्म कन्या इंटर कॉलेज, रूद्रपुर की अंशिका तिवारी द्वितीय तथा जनता इंटर कॉलेज की खुशी पाल तृतीय रहीं।
स्लोगन प्रतियोगिता में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, पंतनगर की प्राची मिश्रा प्रथम, जनता इंटर कॉलेज, रूद्रपुर की अमृता कुमार द्वितीय तथा श्री सनातन धर्म कन्या इंटर कॉलेज की कोमल टम्टा तृतीय स्थान पर रहीं।
सभी विजेता प्रतिभागियों को जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा मतदाता जागरूकता से संबंधित पंपलेट एवं पोस्टर वितरित कर आमजन को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी श्री कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी श्री मनीष बिष्ट, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री योगेन्द्र कुमार सागर, मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री के.एस. रावत, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राजेन्द्र अधिकारी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button