उत्तराखंडस्वास्थ्य

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने देहरादून से किया राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, कहा— यह बेटियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा का सशक्त संकल्प

लोक भवन, देहरादून 28 फरवरी,2026 । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राजस्थान के अजमेर से सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का वर्चुअल शुभारंभ किया। यह राष्ट्रव्यापी अभियान महिला स्वास्थ्य, किशोरियों के कल्याण एवं सुदृढ़ स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति भारत सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इसी क्रम में उत्तराखंड में इस अभियान की औपचारिक शुरुआत गांधी शताब्दी चिकित्सालय से की गई, जहाँ राज्यपाल गुरमीत सिंह (लेफ्टिनेंट जनरल, सेवानिवृत्त) ने एचपीवी टीकाकरण का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अभियान देश की बेटियों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में अत्यंत संवेदनशील, दूरदर्शी और ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि बेटियाँ राष्ट्र का भविष्य हैं और स्वस्थ नारी ही परिवार व समाज की सशक्त रीढ़ होती है। एचपीवी टीकाकरण केवल एक स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम हेतु महिला स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत संकल्प है।
राज्यपाल ने कहा कि भारत सरकार द्वारा बड़े स्तर पर प्रारंभ किया गया यह वैक्सीनेशन मिशन महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में यह अभियान महिला स्वास्थ्य के क्षेत्र में सकारात्मक और दूरगामी परिवर्तन लाएगा। साथ ही उन्होंने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में प्रदेशभर में 155 एचपीवी टीकाकरण केंद्र चिन्हित किए गए हैं, जो सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में स्थापित हैं। इन केंद्रों पर 14 वर्ष आयु की पात्र किशोरियों को वैज्ञानिक प्रमाणों के आधार पर एचपीवी वैक्सीन दी जाएगी, जिससे संक्रमण से पूर्व अधिकतम सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
इस अभियान के अंतर्गत क्वाड्रिवेलेंट एचपीवी वैक्सीन (गार्डासिल) का उपयोग किया जा रहा है, जो एचपीवी वायरस के चार प्रमुख प्रकारों से सुरक्षा प्रदान करती है। निजी क्षेत्र में जिसकी प्रति डोज कीमत लगभग 4,000 रुपये है, वही वैक्सीन सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु राज्य में डॉक्टरों, नर्सों एवं फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कर्मियों का प्रशिक्षण पूर्ण कर लिया गया है तथा टीकों की पर्याप्त उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सांसद नरेश बंसल, विधायक श्री खजान दास, सचिव स्वास्थ्य सचिन कुर्वे, मिशन निदेशक मनुज गोयल सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जिला प्रशासन, मेडिकल कॉलेजों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button