जनसुनवाई

देहरादून में एलपीजी गैस केवल होम डिलीवरी से वितरित, ओटीपी आधारित व्यवस्था लागू

देहरादून, 15 मार्च 2026। जिला प्रशासन के निर्देशों के अनुपालन में जनपद की सभी गैस एजेंसियों पर एलपीजी गैस का वितरण अब केवल होम डिलीवरी और ओटीपी आधारित व्यवस्था के तहत किया जा रहा है। इस व्यवस्था का उद्देश्य गैस एजेंसियों और गोदामों पर अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करना तथा वितरण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाना है।
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन की क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) ने सक्रिय रूप से अपने-अपने क्षेत्रों में आवंटित गैस एजेंसियों का भ्रमण कर गैस आपूर्ति और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। टीम ने यह सुनिश्चित किया कि गैस सिलेंडर का वितरण केवल होम डिलीवरी और ओटीपी सत्यापन के माध्यम से ही किया जाए।
जिला प्रशासन के निर्देशानुसार सभी गैस एजेंसियों और गैस गोदामों पर होम डिलीवरी संबंधी फ्लैक्स और सूचना पट्ट भी लगाए गए हैं, ताकि उपभोक्ताओं को नई व्यवस्था की जानकारी मिल सके। इस व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन से गैस एजेंसियों और गोदामों पर लगने वाली भीड़ में भी कमी देखी जा रही है।
प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही उपलब्ध कराया जाए तथा वितरण के समय ओटीपी आधारित सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी प्रकार की घबराहट न दिखाएं, क्योंकि जनपद में गैस की पर्याप्त और निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। नागरिकों से व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करने की भी अपेक्षा की गई है।
गैस आपूर्ति या वितरण से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत के लिए नागरिक जिला प्रशासन की हेल्पलाइन 1077, 0135-2626066, 0135-2726066 तथा व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर संपर्क कर सकते हैं। प्राप्त शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Back to top button