Breaking News

सरकार के चार साल पूरे होने पर हल्द्वानी में 21 मार्च को भव्य जनसभा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह होंगे मुख्य अतिथि

मुख्यमंत्री पुष्कर ने स्थलीय निरीक्षण कर परखी तैय्यारी

देहरादून/हल्द्वानी, 20 मार्च 2026। उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नैनीताल जनपद के एमबी इंटर कॉलेज, हल्द्वानी में शनिवार, 21 मार्च को भव्य जनसभा का आयोजन किया जाएगा। इस जनसभा में मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल होंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनजर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को हल्द्वानी पहुंचे। उन्होंने काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने एमबी इंटर कॉलेज मैदान का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसभा में आने वाले लोगों के लिए बैठने, पेयजल, साफ-सफाई और शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी को असुविधा न हो।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि शहर की जनता और बाहरी आगंतुकों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए पहले से ही रूट डायवर्जन प्लान तैयार कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
इस दौरान क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट, विधायक बंशीधर भगत, मोहन सिंह बिष्ट, सरिता आर्या, दीवान सिंह बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button