उत्तराखंडधर्म/संस्कृति

किच्छा में सरदार पटेल की प्रतिमा का लोकार्पण, राज्यपाल संतोष गंगवार ने किया राष्ट्र एकता का आह्वान

किच्छा, 21 मार्च 2026 । ऊधमसिंह नगर के गंगवार फार्म बरा में आयोजित “सरदार एकता संदेश समारोह” में झारखण्ड के महामहिम राज्यपाल संतोष गंगवार ने शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की नवनिर्मित प्रतिमा का विधिवत लोकार्पण किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने सरदार पटेल को नमन करते हुए उन्हें भारत के पहले उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के रूप में याद किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्रता के बाद 560 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में विलय कर देश को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया, जिसके कारण उन्हें “लौह पुरुष” की उपाधि मिली।
राज्यपाल ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड के ऊधमसिंह नगर में सरदार पटेल की प्रतिमा की स्थापना गर्व का विषय है, जो आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश देगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड त्याग, तपस्या, वीरता और राष्ट्रीय भावना की भूमि रही है, जहां की संस्कृति और जीवनशैली कर्तव्यनिष्ठा एवं सेवा का संदेश देती है।
उन्होंने सरदार पटेल के व्यक्तित्व को दृढ़ निश्चयी, दूरदर्शी और कुशल प्रशासक बताते हुए कहा कि वे भारतीय प्रशासनिक सेवा के संस्थापक और राष्ट्रवादी आंदोलनों के प्रमुख नेता थे। बारडोली और खेड़ा सत्याग्रह जैसे आंदोलनों में उनके नेतृत्व को याद करते हुए उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के लिए राष्ट्र सर्वोपरि था और उनकी निर्णय क्षमता अद्वितीय थी।
राज्यपाल ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं और सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद गंगवार, रेनू गंगवार, सुरेश गंगवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button