उत्तराखंडराज्य

देहरादून: निकाय कर्मचारियों के सम्मान में मुख्यमंत्री धामी शामिल, समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा

देहरादून, 01 अप्रैल 2026। पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में उत्तराखंड निकाय कर्मचारी संयुक्त मोर्चा द्वारा आयोजित आभार रैली में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कर्मचारियों द्वारा दिए गए सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश की देवतुल्य जनता को समर्पित बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राज्य के विकास में कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और नगर निकाय कर्मियों की जिम्मेदारी विशेष रूप से अहम है। उन्होंने कहा कि निकाय कर्मियों के अथक प्रयासों से ही शहरों और कस्बों में स्वच्छता एवं बुनियादी सुविधाएं सुचारु रूप से संचालित होती हैं।
उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान कर्मचारियों द्वारा निभाई गई जिम्मेदारी और सेवा भाव की सराहना करते हुए इसे मानवता की उत्कृष्ट मिसाल बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आस्था, संस्कृति और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य है, ऐसे में नगर निकायों की भूमिका और भी बढ़ जाती है, विशेषकर चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा और कुंभ जैसे आयोजनों के दौरान।
मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनके सशक्तिकरण, सुरक्षा एवं संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है और चरणबद्ध तरीके से सभी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा नगर निकाय कर्मचारियों एवं पर्यावरण मित्रों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इनमें पर्यावरण मित्रों का मानदेय बढ़ाकर ₹500 प्रतिदिन करना, चारधाम क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों को अतिरिक्त मानदेय देना, वर्दी एवं स्नोबूट के लिए ₹2500 की सहायता, स्वास्थ्य एवं कल्याण योजनाओं के लिए वित्तीय प्रावधान, ₹5 लाख का ग्रुप टर्म लाइफ इंश्योरेंस, ईपीएफ एवं ईएसआई लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश, तथा संविदा कर्मचारियों का वेतन ₹7,500 से बढ़ाकर ₹15,000 करना शामिल है।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा ‘स्वच्छ भारत मिशन’, ‘अमृत योजना’, ‘स्मार्ट सिटी मिशन’ एवं ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ जैसी योजनाओं के माध्यम से देश में व्यापक विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिन्हें राज्य सरकार प्रभावी रूप से लागू कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सफाई कर्मचारियों को ‘स्वच्छता मित्र’ के रूप में सम्मानित करते हुए उनके सुरक्षा और कल्याण के लिए ‘नमस्ते योजना’ और ‘आयुष्मान भारत योजना’ जैसी पहलें संचालित की जा रही हैं।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती सविता कपूर, उत्तराखंड निकाय कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के मुख्य संयोजक श्री सुरेन्द्र तेश्वर, सह संयोजक श्री संतोष गौरव, श्री नरेश वेद सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button