‘खेत बचाओ अभियान’ की सफलता पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीएम धामी को लिखा धन्यवाद पत्र

देहरादून,21 जुलाई। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर देशव्यापी ‘खेत बचाओ अभियान’ के सफल संचालन में राज्य सरकार के सहयोग, मार्गदर्शन और सक्रिय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया है।
केंद्रीय मंत्री ने अपने पत्र में बताया कि भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR), कृषि विज्ञान केंद्रों (KVKs), कृषि विश्वविद्यालयों तथा राज्य कृषि विभागों के सहयोग से 1 जून से 30 जून 2026 तक देशभर में ‘खेत बचाओ अभियान’ चलाया। अभियान का उद्देश्य किसानों को मृदा परीक्षण आधारित पोषक तत्व प्रबंधन, उर्वरकों के संतुलित एवं वैज्ञानिक उपयोग, समेकित पोषक तत्व प्रबंधन तथा प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक कर “स्वस्थ मिट्टी–स्वस्थ फसल–समृद्ध किसान” के संकल्प को जन-आंदोलन का स्वरूप देना था।
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि अभियान के दौरान देश के 721 जिलों के 71 हजार से अधिक गांवों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से लगभग 1.04 करोड़ किसानों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित किया गया। इसके अलावा 96 हजार से अधिक किसानों के खेतों पर प्राकृतिक खेती, हरी खाद, दलहनी फसलों के समावेश और अन्य वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों के फ्रंटलाइन प्रदर्शन लगाए गए। वहीं सोशल मीडिया के माध्यम से करीब 5 करोड़ किसानों तक मृदा स्वास्थ्य संरक्षण और टिकाऊ कृषि का संदेश पहुंचाया गया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भी इस अभियान के माध्यम से किसानों में मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन तथा प्राकृतिक एवं टिकाऊ खेती के प्रति जागरूकता बढ़ी है। इससे कृषि को अधिक लाभकारी, वैज्ञानिक और पर्यावरण-अनुकूल बनाने के राष्ट्रीय प्रयासों को नई गति मिली है।
केंद्रीय मंत्री ने ‘खेत बचाओ अभियान’ की सफलता में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना करते हुए राज्य सरकार को धन्यवाद दिया और भविष्य में भी कृषि क्षेत्र के विकास के लिए इसी प्रकार सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।


