उत्तराखंड में 9 दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को मिलेगी ₹5-5 लाख की सहायता, 3 वरिष्ठ पत्रकारों को पेंशन की संस्तुति

देहरादून,21 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में सूचना निदेशालय में पत्रकार कल्याण कोष (कॉर्पस फंड) एवं मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पत्रकारों के कल्याण एवं सम्मान से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय लिए गए।
समिति ने पत्रकार कल्याण कोष के तहत नौ दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को ₹5-5 लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत किए जाने की संस्तुति की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के अंतर्गत तीन वरिष्ठ पत्रकारों को ₹8 हजार प्रतिमाह पेंशन दिए जाने की भी संस्तुति की गई।
बैठक में महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण और सम्मान के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सूचना विभाग संकटग्रस्त पत्रकारों एवं उनके आश्रितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि प्राप्त मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए समितियों की नियमित बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
बैठक में अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, वरिष्ठ वित्त अधिकारी शशि सिंह तथा समिति के सदस्य लक्ष्मण सिंह नेगी, अमित शर्मा और शशि शर्मा उपस्थित रहे।


