यूजेवीएनएल में बड़ा प्रशासनिक बदलाव: अजय कुमार सिंह को प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार
देहरादून, 17 मार्च 2026 — उत्तराखण्ड शासन के ऊर्जा अनुभाग-1 द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अजय कुमार सिंह, जो वर्तमान में महाप्रबंधक (भागीरथी वैली), उत्तराखण्ड जल विद्युत निगम लिमिटेड में कार्यरत हैं, को महत्वपूर्ण अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन के सम्यक् विचारोपरांत कार्यहित में निर्णय लेते हुए उन्हें उनके वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ निगम के प्रबंध निदेशक (Managing Director) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। यह व्यवस्था तब तक प्रभावी रहेगी जब तक इस पद पर नियमित चयन नहीं हो जाता।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व दिनांक 02 जनवरी 2024 को जारी आदेश के तहत अजय कुमार सिंह को निदेशक (परिचालन) का अतिरिक्त कार्यभार भी दिया गया था।
शासन ने स्पष्ट किया है कि इस अतिरिक्त प्रभार के लिए श्री सिंह को किसी प्रकार का अतिरिक्त वेतन या भत्ता देय नहीं होगा।
यह आदेश प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम् द्वारा जारी किया गया है।


