चकराता में केंद्रीय संचार ब्यूरो का तीन दिवसीय आउटरीच कार्यक्रम संपन्न, विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा
चकराता,
23 जुलाई। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून द्वारा चिल्ड्रन्स पार्क, चकराता में आयोजित ‘विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ विषयक तीन दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम का गुरुवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिताओं, चित्र प्रदर्शनी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, जन-जागरूकता गतिविधियों और विभिन्न विभागों के सूचना स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं आमजन को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि कैंट बोर्ड, चकराता के उपाध्यक्ष अनिल चांदना ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर स्वयं लाभान्वित होने और समाज को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कैंट इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भाषण, पेंटिंग और क्विज प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ विषय पर आयोजित चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विभिन्न विभागों के सूचना स्टॉलों से सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
दूसरे दिन जौनसार पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने चित्रकला एवं क्विज प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाई, जबकि योग और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। तीसरे दिन कैंट इंटर कॉलेज के छात्रों द्वारा प्रस्तुत जौनसारी लोकनृत्य कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग और बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने अपनी प्रमुख योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रदर्शनी और सूचना स्टॉलों का अवलोकन कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया सम्मानित
कार्यक्रम के तहत ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को मुख्य अतिथि अनिल चांदना ने सम्मानित किया।
जौनसार पब्लिक स्कूल (जूनियर वर्ग) में नमस्वी तोमर प्रथम, अर्पित रंजन द्वितीय और एना तोमर तृतीय रहे। सीनियर वर्ग में शम्भवी ने प्रथम, अरैना चांदना ने द्वितीय और ईशांत नेगी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विकसित भारत विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में कैंट इंटर कॉलेज की नाव्या प्रथम, प्रिन्सी द्वितीय और कृष तृतीय रहे। वहीं भाषण प्रतियोगिता में गरिमा ने प्रथम, आराध्य तोमर ने द्वितीय तथा सोनाक्षी वर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया।

