देहरादून, 17 जनवरी 2026।
सुखवंत सिंह आत्महत्या प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए गठित विशेष जांच दल (SIT) के अध्यक्ष एवं IG STF श्री नीलेश आनन्द भरणे सोमवार को अपनी टीम के साथ काठगोदाम पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल (क्राइम सीन) का निरीक्षण कर एफएसएल टीम के माध्यम से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित कराए।
निरीक्षण के दौरान स्वतंत्र गवाहों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। SIT चीफ श्री भरणे ने बताया कि प्रकरण से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि ऊधमसिंहनगर पुलिस कार्यालय, थाना ITI, चौकी पैगा सहित अन्य संबंधित कार्यालयों एवं शाखाओं में उपलब्ध इस मामले से जुड़े सभी अभिलेख एवं दस्तावेजों को संरक्षित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि साक्ष्यों की शुद्धता बनी रहे।
प्रकरण की निष्पक्षता बनाए रखने के उद्देश्य से स्थानीय पुलिस को पीड़ित परिवार अथवा गवाहों से अनावश्यक संपर्क न करने के स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं पीड़ित परिवार की सुरक्षा को देखते हुए उनके आवास पर अन्य जनपदों से पुलिस गार्द तैनात की जा रही है।
तकनीकी विश्लेषण को मजबूत करने के लिए SIT टीम में 6 पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है, जिनमें—
उप निरीक्षक हेमन्त कठैत (थाना लोहाघाट)
उप निरीक्षक सोनू सिंह (एएनटीएफ)
उप निरीक्षक राधिका भण्डारी (थाना चम्पावत)
हेड कांस्टेबल विनोद यादव (थाना बनबसा)
हेड कांस्टेबल कमल कुमार (थाना टनकपुर)
कांस्टेबल गिरीश भट्ट (सर्विलांस सेल, टनकपुर)
देर सायं SIT टीम ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस दौरान SIT चीफ श्री भरणे ने आश्वस्त किया कि इस संवेदनशील मामले की जांच तथ्यों, साक्ष्यों एवं विधिक प्रावधानों के अनुरूप निष्पक्ष तरीके से की जा रही है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि घटनास्थल के निरीक्षण के बाद थाना ITI में पंजीकृत FIR को थाना काठगोदाम स्थानांतरित किया जा रहा है। प्रकरण में विधिसम्मत सख्त वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

