देहरादून,20 नवम्बर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से देहरादून पुलिस ने विशेष जागरूकता अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के नेतृत्व में आयोजित अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मुख्य चौराहों पर वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन तथा दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठने वाली सवारी (पीलियन राइडर) के लिए हेलमेट की अनिवार्यता के संबंध में जागरूक किया।
अभियान के दौरान एसएसपी देहरादून स्वयं मुख्य चौराहों पर पहुंचे और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठी सवारी के हेलमेट नहीं पहनने पर उन्हें हेलमेट की उपयोगिता और सुरक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी। इस दौरान हेलमेट नहीं पहनने वाले पीलियन राइडर्स को हेलमेट वितरित कर अनिवार्य रूप से इसका प्रयोग करने की अपील की गई।
वहीं, दोपहिया वाहनों पर चालक और पीछे बैठी सवारी दोनों के हेलमेट पहनकर चलने वाले वाहन चालकों एवं पीलियन राइडर्स को फूल देकर सम्मानित किया गया। एसएसपी ने उनके जागरूक व्यवहार की प्रशंसा करते हुए अन्य वाहन चालकों से भी इसका अनुसरण करने की अपील की।
एसएसपी ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। दून पुलिस का उद्देश्य चालान करना नहीं, बल्कि आमजन को जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।
उन्होंने वाहन चालकों से ओवरस्पीडिंग से बचने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, सीट बेल्ट का प्रयोग करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि अब दोपहिया वाहनों पर पीलियन राइडर के हेलमेट नहीं पहनने पर वाहन चालक के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात, क्षेत्राधिकारी यातायात सहित यातायात पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
