आपदा से निपटने की तैयारी का महाअभ्यास! 13 जिलों में मॉक ड्रिल, 3,000 जगहों पर जागरूकता

सिल्क्यारा रेस्क्यू की वर्षगांठ पर उत्तराखण्ड में मेगा मॉक ड्रिल, 1,200 स्थानों पर परखी गई आपदा तैयारियां
13 जनपदों और तहसील स्तर तक घटना प्रतिक्रिया टीमों ने किया अभ्यास, 3,000 से अधिक स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रम; मंत्री मदन कौशिक ने एसईओसी की एसओपी का किया विमोचन
देहरादून। सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की वर्षगांठ के अवसर पर पहली बार आयोजित आपदा प्रबंधन दिवस के तहत उत्तराखण्ड में व्यापक स्तर पर राज्यव्यापी मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस अभ्यास में राज्य स्तर से लेकर सभी 13 जनपदों और तहसील स्तर पर गठित घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) की टीमों ने प्रतिभाग कर आपदा से निपटने की तैयारियों को परखा।
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) पहुंचकर मॉक अभ्यास का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सिल्क्यारा रेस्क्यू अभियान उत्तराखण्ड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए साहस, धैर्य, समन्वय और मानवीय संकल्प की ऐतिहासिक मिसाल है।
सिल्क्यारा रेस्क्यू ने दिया एकजुटता और समन्वय का संदेश
मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि सिल्क्यारा अभियान ने साबित किया कि कठिन से कठिन आपदा की स्थिति में भी यदि सभी एजेंसियां स्पष्ट रणनीति और बेहतर समन्वय के साथ काम करें, तो चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सफलता हासिल की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन दिवस केवल किसी घटना को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि उससे मिली सीख को भविष्य की तैयारियों में शामिल करने का माध्यम है। मॉक ड्रिल के जरिए यह परखा जाता है कि वास्तविक आपदा के दौरान हमारी व्यवस्थाएं कितनी तत्परता और प्रभावी ढंग से काम कर सकती हैं।
1,200 स्थानों पर मॉक ड्रिल, 3,000 से अधिक जगहों पर जागरूकता अभियान
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर राज्यभर में व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
उन्होंने बताया कि शनिवार को 150 स्थानों पर राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की गई, जबकि चार दिवसीय कार्यक्रमों के दौरान कुल 1,200 स्थानों पर मॉक अभ्यास के माध्यम से आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और तैयारियों का परीक्षण किया गया। इसके अलावा 3,000 से अधिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को आपदा से बचाव, पूर्व तैयारी और सुरक्षित व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया।
भूकंप से लेकर भगदड़ तक, कई आपदा परिदृश्यों पर हुआ अभ्यास
चार दिवसीय कार्यक्रमों के दौरान राज्यभर में विभिन्न आपदा परिदृश्यों को आधार बनाकर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। भूकंप की स्थिति में भवनों के क्षतिग्रस्त होने, लोगों के मलबे में फंसने और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया गया।
इसके साथ ही नदी में डूबने, सड़क दुर्घटना, सुरंग और निर्माण स्थल पर दुर्घटना जैसे परिदृश्यों को भी शामिल किया गया। धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर अत्यधिक भीड़ के कारण भगदड़, बिजली गिरने से जनहानि, बांध अथवा जलाशय से अचानक पानी छोड़े जाने और आपदा के दौरान संचार व्यवस्था बाधित होने जैसी परिस्थितियों में संबंधित विभागों की प्रतिक्रिया एवं तैयारियों को परखा गया। 
एसईओसी ड्यूटी ऑफिसर की एसओपी जारी, जिम्मेदारियां होंगी और स्पष्ट
मंत्री मदन कौशिक ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के ड्यूटी ऑफिसर के दायित्वों पर आधारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का भी विमोचन किया।
उन्होंने कहा कि एसईओसी आपदा प्रबंधन व्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां कार्यरत अधिकारियों और कार्मिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। एसओपी के माध्यम से उनके दायित्वों, कार्यप्रणाली और आपात स्थिति में की जाने वाली कार्रवाई को अधिक स्पष्ट एवं व्यवस्थित किया गया है। 
आधुनिक उपकरणों और तकनीक से मजबूत होगी आपदा प्रतिक्रिया क्षमता
मंत्री ने एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, अग्निशमन विभाग और भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली से संबंधित उपकरणों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न उपकरणों की कार्यप्रणाली और आपदा के दौरान उनके उपयोग की जानकारी ली।
मदन कौशिक ने आधुनिक तकनीक और उपकरणों के माध्यम से राज्य की आपदा प्रतिक्रिया क्षमता को लगातार मजबूत करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला, लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) रघुवीर सिंह भण्डारी, सचिव विनोद कुमार सुमन, अपर सचिव प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं डीआईजी राजकुमार नेगी, एसडीआरएफ कमांडेंट अजय गणपति, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
