Breaking News

विजय दिवस पर शहीदों को नमन, रूद्रपुर में श्रद्धा व सम्मान के साथ हुए कार्यक्रम

रूद्रपुर 16 दिसम्बर । 16 दिसम्बर 1971 के भारत–पाकिस्तान युद्ध में शहादत देने वाले वीर सैनिकों की स्मृति में विजय दिवस जनपद उधम सिंह नगर में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम जनपद मुख्यालय की पुलिस लाईन स्थित शहीद स्मारक स्थल पर आयोजित किया गया।
भारत–पाक युद्ध 1971 के दौरान जनपद के 9 वीर सपूतों ने देश की रक्षा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया, जबकि 2 सैनिक युद्ध में घायल हुए थे। कार्यक्रम में जनपद के शहीद सूबेदार स्व. रामदत्त, सिपाही उमेश सिंह, टीका राम, दिवानी नाथ, हीरा चन्द, आन सिंह, जोगा सिंह, हर सिंह एवं त्रिलोक सिंह के चित्रों पर मुख्य अतिथि महापौर विकास शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, एसपी सिटी निहारिका तोमर, जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सी.पी. कोठारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं पूर्व सैनिकों ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर युद्ध में घायल सैनिक गोकुलानंद पाठक, मनोज सिंह एवं त्रिलोक सिंह तथा युद्ध प्रतिभागी कैप्टन धन सिंह, खड़क सिंह कार्की एवं जय सिंह को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि आज हम उन वीर शहीदों को नमन कर रहे हैं, जिन्होंने देश की आन-बान-शान के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि हमारा प्रदेश वीर सैनिकों की भूमि है और देश की सीमाओं पर दिन-रात तैनात सैनिकों के कारण ही हम सुरक्षित हैं। 1971 के युद्ध में भारत की विजय हुई, किंतु इसमें अनेक सैनिक शहीद व घायल हुए, जिनकी स्मृति में विजय दिवस मनाया जाता है।

मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि हमें उनके अदम्य साहस, वीरता और बलिदान से प्रेरणा लेनी चाहिए तथा सैनिकों एवं उनके परिजनों का सदैव सम्मान करना चाहिए।

विजय दिवस के अवसर पर जनपद के शिक्षण संस्थानों एवं क्रीड़ा विभाग द्वारा 1971 भारत–पाक युद्ध एवं देशभक्ति विषयक चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
चित्रकला प्रतियोगिता में आदर्श बालिका इंटर कॉलेज पंतनगर की सविता ने प्रथम, जनता इंटर कॉलेज रूद्रपुर की सलोनी शर्मा ने द्वितीय तथा गुरुनानक बालिका राजकीय इंटर कॉलेज की भावना जोशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
निबंध प्रतियोगिता में जनता इंटर कॉलेज के सुमित प्रथम, गुरुनानक बालिका इंटर कॉलेज की शिफा द्वितीय एवं आर्य कन्या इंटर कॉलेज की साक्षी कश्यप तृतीय स्थान पर रहीं।
भाषण प्रतियोगिता में राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय रामनगर की कामनी प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फाजलपुर महरौला की सोनम द्वितीय एवं आचार्य नरेंद्र झा राजकीय इंटर कॉलेज के विष्णु सिंह राठौर तृतीय रहे।

विजय दिवस पर खेल विभाग द्वारा स्पोर्ट्स स्टेडियम में बालक एवं बालिका ओपन क्रॉस कंट्री रेस का आयोजन किया गया। महिला वर्ग में अजरा निपाशा प्रथम, दीपा द्वितीय, गुंजन तृतीय, चांदनी चतुर्थ, खुशी राय पंचम एवं डोली षष्ठम स्थान पर रहीं। पुरुष वर्ग में पुष्कर चन्द प्रथम, धीरज सिंह बिष्ट द्वितीय, अनुपम तृतीय, दीपक कुमार चतुर्थ, भावेश पंचम एवं अभिषेक षष्ठम स्थान पर रहे। सभी विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी चन्द प्रकाश कोठारी, सहायक सैनिक कल्याण अधिकारी सुन्दर सिंह, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी महेश चन्द्र भट्ट सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button