स्वामी विवेकानन्द युवाओं के प्रेरणास्त्रोत, उनके विचार आज भी प्रासंगिक : मुख्यमंत्री धामी

देहरादून, 11 जनवरी। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वामी विवेकानन्द को महान आध्यात्मिक विचारक एवं प्रभावशाली वक्ता बताते हुए कहा कि स्वामी जी युवाओं के लिए सदैव प्रेरणास्त्रोत रहेंगे। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानन्द ने भारतीय दर्शन और हमारी महान संस्कृति के महत्व को विश्व मंच तक पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानन्द ने अपने बौद्धिक विचारों और ओजस्वी वाणी के माध्यम से युवाओं को आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा का मार्ग दिखाया। उनका प्रसिद्ध संदेश “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत” आज भी युवाओं के लिए प्रेरणादायी है और उन्हें निरंतर आगे बढ़ने की शक्ति देता है।
मुख्यमंत्री ने युवा शक्ति को राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए कहा कि आत्मनिर्भर, सशक्त और चरित्रवान भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाएं और देश की प्रगति में अपना योगदान सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज विज्ञान, प्रौद्योगिकी, खेल, शिक्षा, उद्यमिता और सामाजिक सेवा सहित हर क्षेत्र में देश के युवा अपनी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर भारत की वैश्विक मंच पर नई पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति, नवाचार और नेतृत्व में युवाओं की भूमिका निर्णायक है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवाओं सहित सभी प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करते हुए देश एवं प्रदेश के विकास में आगे आएं। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा से ही एक मजबूत और विकसित भारत का निर्माण संभव है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से स्वामी विवेकानन्द के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आग्रह करते हुए कहा कि उनके आदर्शों पर चलकर ही हम राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं।


