रूद्रपुर,12 फरवरी 2026 । मा० उच्च न्यायालय उत्तराखण्ड, नैनीताल द्वारा जनपद ऊधम सिंह नगर की तहसील काशीपुर क्षेत्र अंतर्गत स्थित एस्कॉट फार्म भूमि से संबंधित विभिन्न रिट याचिकाओं पर पारित आदेश के अनुपालन में जिला प्रशासन द्वारा सुनवाई की गई।
हाईकोर्ट के आदेश के क्रम में याचिकाकर्ताओं ने जिला अधिकारी कार्यालय में पृथक-पृथक प्रत्यावेदन प्रस्तुत किए, जिन पर दिनांक 11 फरवरी 2026 को सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं ने प्रकरण से संबंधित अभिलेख एवं साक्ष्य प्रस्तुत करने हेतु 15 दिवस का समय प्रदान किए जाने का अनुरोध किया।
जिला अधिकारी ऊधम सिंह नगर श्री नितिन सिंह भदौरिया ने याचिकाकर्ताओं के अनुरोध को स्वीकार करते हुए उन्हें दिनांक 11 फरवरी 2026 से आगामी 15 दिवस के भीतर अपने प्रकरण से संबंधित समस्त साक्ष्य एवं अभिलेख प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया। उन्होंने बताया कि याचिकाकर्ता कक्ष संख्या 31 (ए.जे.ए. पटल), जिला कार्यालय ऊधम सिंह नगर में अपने दस्तावेज उपलब्ध करा सकते हैं।
जिला अधिकारी ने स्पष्ट किया कि 15 दिवस की अवधि पूर्ण होने के उपरांत प्रकरण पर पुनः सुनवाई की तिथि एवं समय के संबंध में याचिकाकर्ताओं को पृथक से अवगत कराया जाएगा।
