राज्यपाल गुरमीत सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की शिष्टाचार भेंट, विकास और भविष्य की तकनीकों पर हुई चर्चा

देहरादून/नई दिल्ली, 08 अप्रैल 2026। उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल Gurmit Singh (सेनि) ने बुधवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री Narendra Modi से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्यपाल ने प्रधानमंत्री के स्नेह एवं मार्गदर्शन के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
भेंट के दौरान राज्यपाल ने प्रदेश में बारहमासी पर्यटन, स्वयं सहायता समूहों, होम-स्टे तथा आधारभूत ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) के क्षेत्र में हुई उल्लेखनीय प्रगति का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग के लिए प्रधानमंत्री के प्रति कृतज्ञता जताई।
राज्यपाल ने उत्तराखण्ड के समग्र विकास, जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों और समसामयिक मुद्दों पर प्रधानमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। साथ ही भविष्य के विश्वविद्यालयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम कम्प्यूटिंग और मेटावर्स जैसे आधुनिक विषयों को शामिल किए जाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
राज्यपाल ने बताया कि आगामी 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री द्वारा दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे के शुभारंभ को लेकर प्रदेशवासियों में खासा उत्साह है और लोग बेसब्री से इसकी प्रतीक्षा कर रहे हैं।
इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रधानमंत्री को अपने भाषणों पर आधारित पुस्तक “आत्मा के स्वर” भेंट की। साथ ही उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विषय पर अपनी लिखी पुस्तक “Absolute Intelligence” तथा “प्रज्ञा” भी प्रधानमंत्री को भेंट की।

