Breaking Newsउत्तराखंड

विश्व स्वास्थ्य दिवस पर लोक भवन में स्वास्थ्य शिविर, प्रथम महिला गुरमीत कौर ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

देहरादून 07 अप्रैल 2026 । विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में प्रथम महिला गुरमीत कौर ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। Reckitt एवं Plan India के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत लोक भवन में निवासरत परिवारों के लिए एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई।
इस अवसर पर प्रथम महिला ने महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि एक स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार और समाज की नींव रखती है। उन्होंने बच्चों के पोषण, स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच को अत्यंत आवश्यक बताया।
स्वच्छता और स्वास्थ्य के गहरे संबंध पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि नियमित हाथ धोना, स्वच्छ जल का उपयोग और आसपास साफ-सफाई बनाए रखना जैसी आदतें कई बीमारियों से बचाव में सहायक होती हैं। उन्होंने इसे व्यक्तिगत ही नहीं बल्कि सामुदायिक जिम्मेदारी बताते हुए सभी से इसे अपनाने का आह्वान किया।
प्रथम महिला ने “डेटॉल बनेगा स्वस्थ इंडिया” जैसे जन-जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहलें समाज में स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेल एवं प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में राज्यपाल सचिव रविनाथ रामन, परिसहाय अमित श्रीवास्तव, वित्त नियंत्रक डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव, डॉ. ए.के. सिंह, डॉ. प्रांजलि थापा सहित रेकिट और प्लान इंडिया के प्रतिनिधि एवं लोक भवन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button