देश/दुनिया

प्रसार भारती की पहली स्क्रिप्ट पिचिंग लैब के विजेता घोषित

 

इफ्फी 2026 में प्रसार भारती की पहली स्क्रिप्ट पिचिंग लैब के विजेताओं की घोषणा, अविशेष झा ने जीता 5 लाख का प्रथम पुरस्कार

नई दिल्ली/पणजी, 24 नवंबर।

सीएम न्यूज

भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) 2026 में प्रसार भारती की पहली स्क्रिप्ट पिचिंग लैब ‘पेज से पिच तक’ के विजेताओं की घोषणा कर दी गई है। इस प्रतियोगिता में अविशेष झा की पटकथा ‘मिर्ची केक’ को प्रथम पुरस्कार मिला है। वहीं सत्य व्यास की ‘संहार’ ने दूसरा और जितेश ठाकुर की ‘शरद पूर्णिमा’ ने तीसरा स्थान हासिल किया।

प्रसार भारती की पहली स्क्रिप्ट पिचिंग लैब के विजेता घोषित

57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के दौरान पणजी स्थित कला अकादमी में आयोजित समारोह में विजेताओं को सम्मानित किया गया। प्रथम पुरस्कार के रूप में अविशेष झा को 5 लाख रुपये, दूसरे पुरस्कार के लिए सत्य व्यास को 3 लाख रुपये और तीसरे पुरस्कार के रूप में जितेश ठाकुर को 2 लाख रुपये की नकद राशि प्रदान की गई।

प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी की परिकल्पना पर शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य देश के उभरते लेखकों को अपनी मौलिक कहानियों और पटकथाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर देना है। प्रतियोगिता के लिए फीचर फिल्म, डॉक्यूमेंट्री और शॉर्ट फिल्म की श्रेणियों में दस भारतीय भाषाओं में प्रविष्टियां आमंत्रित की गई थीं। आयोजन को शुरुआती दस दिनों में ही करीब एक हजार स्क्रिप्ट प्राप्त हुईं।

पुरस्कार वितरण समारोह में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के संयुक्त सचिव पृथुल कुमार और एनएफडीसी के प्रबंध निदेशक धीरज सिंह मौजूद रहे। इस दौरान पृथुल कुमार ने कहा कि युवा लेखकों की रचनात्मक प्रतिभा को पहचानना और उन्हें फिल्म उद्योग से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने पटकथा को फिल्म निर्माण की आधारशिला बताते हुए मजबूत कहानी और बेहतर योजना के महत्व पर जोर दिया।

वहीं दूरदर्शन की महानिदेशक रीना सोनोवाल कौली ने कहा कि यह पहल देश की भाषाई और रचनात्मक विविधता को सामने लाने के साथ ही नए लेखकों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करेगी।

प्रतियोगिता के अंतिम चरण में चयनित दस प्रतिभागियों ने विशेषज्ञ जूरी के सामने अपनी मौलिक पटकथाएं प्रस्तुत कीं। जूरी में अभिनेता एवं राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता मनोज जोशी, लेखक और शोधकर्ता संदीप बालकृष्ण, फिल्मकार श्रीनारायण सिंह तथा पत्रकार एवं फिल्म समीक्षक अनंत विजय शामिल रहे।

इसके अलावा चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहे प्रतिभागियों को 50-50 हजार रुपये के विशेष उल्लेख पुरस्कार दिए गए, जबकि सातवें से दसवें स्थान तक के प्रतिभागियों को प्रशंसा-पत्र प्रदान किए गए। शीर्ष 30 लेखकों को सहभागिता प्रमाण-पत्र भी दिए गए।

प्रसार भारती की इस पहल का उद्देश्य उभरते कहानीकारों और फिल्म उद्योग के बीच की दूरी कम करना तथा मौलिक कहानियों को फिल्म के पर्दे तक पहुंचाने के अवसर उपलब्ध कराना है। इसे भविष्य में वार्षिक आयोजन के रूप में संचालित करने की योजना है।

Related Articles

Back to top button