*त्वरित राहत पर पीड़ित परिवार ने जताया जिला प्रशासन का आभार*
पिथौरागढ़,22 अगस्त 2026 । मुनस्यारी क्षेत्र में आपदा प्रभावित परिवार को समय पर राहत न मिलने संबंधी समाचार का जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने तत्काल संज्ञान लेते हुए तहसील प्रशासन को मौके पर भेजा। उन्होंने राहत में हुई देरी पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि आपदा पीड़ितों की सहायता में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा संवेदनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसील प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर परिवार को सहायता, कंबल, राशन एवं अन्य आवश्यक राहत सामग्री तत्काल उपलब्ध कराई। मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा के समय पीड़ितों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए। प्रशासन को स्वयं उनके द्वार तक पहुंचकर त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी राहत सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं पुनर्वास की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पीड़ित परिवार की स्थिति का आंकलन करते हुए उनकी समस्या का दीर्घकालिक एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मा० मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के भी स्पष्ट निर्देश हैं कि आपदा जैसी परिस्थिति में आपदा प्रभावितों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए उन्होंने सभी संबंधितों को तत्परता बरतने के निर्देश दिए।
पीड़ित परिवार के सदस्य दुर्गा राम ने त्वरित सहायता के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया

