देहरादून 18 फ़रवरी।
पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ननूरखेड़ा, देहरादून में आयोजित मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी 2025-26 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने देहरादून जनपद को विजेता ट्रॉफी प्रदान करते हुए 05 लाख रुपये का चेक सौंपा।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल एक प्रतियोगिता का समापन नहीं, बल्कि उत्तराखंड के उज्ज्वल खेल भविष्य की नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि आज खेल प्रतियोगिताएँ गाँव-गाँव, न्याय पंचायतों और दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को पहचान देने का सशक्त माध्यम बन चुकी हैं। उत्तराखंड अब देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन के अंतर्गत 11 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे खिलाड़ियों के खातों में भेजी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसे अभियानों से देश में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा मिली है। आज भारत ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियाई और कॉमनवेल्थ खेलों जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर ऐतिहासिक प्रदर्शन कर रहा है, जिससे देश का मान विश्व पटल पर बढ़ा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार खेलों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर पहली बार 7वां स्थान प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक और विश्वस्तरीय खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के चलते राज्य अब राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी में सक्षम बन रहा है। स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान के तहत प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियाँ स्थापित की जाएँगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई खेल नीति के अंतर्गत हल्द्वानी में प्रदेश की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना की जा रही है। साथ ही मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना और उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के माध्यम से युवाओं को मासिक छात्रवृत्ति व खेल उपकरण हेतु आर्थिक सहायता दी जा रही है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को “उत्तराखंड खेल रत्न”, “द्रोणाचार्य पुरस्कार” और “हिमालय खेल रत्न” जैसे सम्मानों से सम्मानित किया जा रहा है। इसके अलावा राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेताओं को सरकारी सेवाओं में 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण भी दिया जाएगा।
इस अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि 23 नवंबर 2025 से न्याय पंचायत स्तर पर शुरू हुई प्रतियोगिताओं का समापन 18 फरवरी 2026 को मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के साथ हुआ। इस महाआयोजन में 26 खेल स्पर्धाओं के अंतर्गत 1 लाख 62 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
समारोह में विधायक उमेश शर्मा काऊ, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, खेल निदेशक डॉ. आशीष चौहान, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित खेल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।



