उत्तराखंड

पॉलीहाउस खेती को बढ़ावा, 28 किसानों को मिलेगा आधुनिक प्रशिक्षण

देहरादून के 28 किसान संरक्षित खेती का प्रशिक्षण लेने पंतनगर रवाना, कृषि मंत्री गणेश जोशी ने दिखाई हरी झंडी

सीएम न्यूज

देहरादून, 25 नवंबर।

उत्तराखंड में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और संरक्षित खेती को बढ़ावा देने की दिशा में कृषि विभाग ने पहल की है। इसी क्रम में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को अपने कैंप कार्यालय से देहरादून जनपद के 28 किसानों के दल को पांच दिवसीय प्रशिक्षण के लिए गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के लिए रवाना किया।

पॉलीहाउस खेती को बढ़ावा, 28 किसानों को मिलेगा आधुनिक प्रशिक्षण

ये सभी किसान नाबार्ड योजना के तहत स्थापित पॉलीहाउस में खेती कर रहे हैं। पंतनगर विश्वविद्यालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान किसानों को संरक्षित खेती की आधुनिक तकनीकों, पॉलीहाउस प्रबंधन, उन्नत कृषि पद्धतियों, फसल उत्पादन और कीट एवं रोग प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी।

 

इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाने के साथ खेती को अधिक लाभकारी बनाना है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने और किसानों को वैज्ञानिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

 

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में संरक्षित खेती किसानों के लिए स्वरोजगार और आय बढ़ाने का बेहतर विकल्प बन सकती है। पॉलीहाउस तकनीक के माध्यम से किसान सीमित भूमि में भी बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से फसलों को होने वाले नुकसान को भी कम किया जा सकता है।

 

कृषि मंत्री ने उम्मीद जताई कि पांच दिवसीय प्रशिक्षण के बाद किसान अपने क्षेत्रों में आधुनिक कृषि तकनीकों का उपयोग करेंगे और दूसरे किसानों को भी संरक्षित खेती अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।

 

इस दौरान जिला उद्यान अधिकारी डॉ. डी.के. तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

Related Articles

Back to top button