उत्तराखंडदेशराज्य

आईटीबीपी सेवानिवृत सैनिक दिवस 26 फरवरी को, सेवानिवृत्त व दिवंगत कार्मिकों के आश्रित होंगे सम्मानित

देहरादून 19 फरवरी । भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल द्वारा सेवानिवृत्त पदाधिकारियों एवं दिवंगत कार्मिकों के आश्रितों के सम्मान में 26 फरवरी 2026 को “आईटीबीपी सेवानिवृत सैनिक दिवस” का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम प्रातः 10 बजे सीमाद्वार कैंप स्थित कैंप परिसर के रेनबो हॉल में आयोजित होगा।
कार्यक्रम के दौरान अर्द्धसैनिक बलों के सेवानिवृत्त कार्मिकों एवं दिवंगत कार्मिकों के आश्रितों से प्राप्त समस्याओं पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा तथा उनका यथासंभव तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। जिन प्रकरणों का निस्तारण जिला कल्याण अधिकारी स्तर पर संभव नहीं होगा, उन्हें राज्य कल्याण अधिकारी को प्रेषित किया जाएगा, ताकि संबंधित कार्मिकों एवं आश्रितों को समुचित लाभ मिल सके।
देहरादून–हरिद्वार परिक्षेत्र के कार्मिकों से सहभागिता का आह्वान
देहरादून एवं हरिद्वार परिक्षेत्र में निवास कर रहे आईटीबीपी के समस्त सेवानिवृत्त पदाधिकारियों तथा दिवंगत कार्मिकों के आश्रितों से अनुरोध किया गया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता कर इसके उद्देश्यों को सार्थक बनाएं।
कार्यक्रम की रूपरेखा
कार्यक्रम की रूपरेखा गुरुवार को श्री रिंकू थापा (पीएमजी), कमांडेंट, 23वीं वाहिनी एवं जिला कल्याण अधिकारी (वार्ब), आईटीबीपी की अध्यक्षता में तैयार की गई। सेवानिवृत सैनिक दिवस के अवसर पर आईटीबीपी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जसवंत सिंह तडियाल, सेनानी (सेनि.), महासचिव—पूर्व केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल संगठन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।
आयोजकों ने विश्वास जताया है कि यह कार्यक्रम सेवानिवृत्त कार्मिकों एवं दिवंगत कार्मिकों के आश्रितों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ उनके सम्मान और कल्याण की दिशा में एक प्रभावी मंच सिद्ध होगा।

Related Articles

Back to top button