नैनीताल 10 अक्टूबर
। (ललित जोशी) राजकीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी फार्मासिस्ट एसोसिएशन के द्विवर्षीय अधिवेशन एवं चुनाव में सुरजीत सिंह नेगी को जिलाध्यक्ष और प्रकाश चंद्र को जिला मंत्री चुना गया। हल्द्वानी में आयोजित चुनाव में अध्यक्ष पद पर सुरजीत सिंह नेगी ने 37 में से 22 मत प्राप्त कर अपनी प्रतिद्वंद्वी रेनू रावत को सात मतों से पराजित किया। वहीं, जिला मंत्री पद पर कड़ा मुकाबला देखने को मिला। प्रकाश चंद्र ने 19 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भीमराज पुरी को मात्र एक वोट से हराकर जीत दर्ज की।
चुनाव में अन्य पदों पर अरुण बडोनी उपाध्यक्ष, कंचन नबियाल कोषाध्यक्ष, सिद्धार्थ ममगई संयुक्त मंत्री तथा प्रदीप कुमार आय-व्यय निरीक्षक निर्वाचित हुए।
कार्यक्रम में प्रांतीय अध्यक्ष अरविंद चौहान और सेवानिवृत्त मुख्य फार्मेसी अधिकारी प्रताप मेहरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। चुनाव पर्यवेक्षक एवं प्रांतीय अध्यक्ष अरविंद चौहान की मौजूदगी में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शपथ दिलाई गई। इस दौरान पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने और फार्मासिस्टों की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष सुरजीत सिंह नेगी ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन के सदस्यों ने उन्हें जिलाध्यक्ष पद पर विजयी बनाकर जो विश्वास जताया है, उसके लिए वह सभी के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि वह संगठन के हित में पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। संगठन के सामने वर्तमान में मौजूद समस्याओं के साथ ही भविष्य में कर्मचारियों को आने वाली चुनौतियों के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने सभी सदस्यों को आश्वस्त किया कि फार्मासिस्टों के हितों और उनकी समस्याओं के निराकरण को प्राथमिकता दी जाएगी।
