उत्तराखंडकरियर

नौकरी की तलाश से उद्यमी बनने तक का सफर, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना ने बदली दीपिका की तकदीर

नौकरी की तलाश से उद्यमी बनने तक का सफर, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना ने बदली दीपिका की तकदीर

 

: नैनीताल, उत्तराखंड, सीएम न्यूज

उत्तराखंड में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना महिलाओं और युवाओं के लिए आत्मनिर्भरता की नई राह खोल रही है। इसकी एक मिसाल नैनीताल जनपद के हल्द्वानी की रहने वाली दीपिका सनवाल हैं, जिन्होंने कभी बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देखा था, लेकिन प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता नहीं मिलने के बाद हार मानने के बजाय स्वरोजगार का रास्ता चुना।

 

आज दीपिका न केवल खुद आत्मनिर्भर बनी हैं, बल्कि दूसरी महिलाओं को भी प्रशिक्षण और रोजगार देकर उनके सपनों को नई उड़ान दे रही हैं।

दरअसल, वर्ष 2022-23 में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत दीपिका ने उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की हल्द्वानी शाखा से 7 लाख रुपये की परियोजना के लिए ऋण प्राप्त किया। इसमें बैंक ने 6 लाख 65 हजार रुपये का ऋण दिया, जबकि 35 हजार रुपये का अंशदान दीपिका ने स्वयं किया। योजना के तहत उन्हें 1 लाख 5 हजार रुपये की सब्सिडी भी मिली।

 

दीपिका ने लैक्मे एकेडमी से प्रशिक्षण लेकर हल्द्वानी में ‘DEEPIKA SANWAL MAKEUP STUDIO’ की शुरुआत की। ब्राइडल मेकअप, पार्टी मेकअप, हेयर स्टाइलिंग और फेशियल जैसी सेवाओं के जरिए उन्होंने अपने व्यवसाय को धीरे-धीरे आगे बढ़ाया।

 

आज उनके स्टूडियो का वार्षिक कारोबार करीब 10 लाख रुपये तक पहुंच चुका है और इस उद्यम के माध्यम से अब तक 5 लोगों को रोजगार मिल चुका है।

 

दीपिका की यह सफलता कहानी बताती है कि अगर हुनर, मेहनत और सही अवसर मिले तो नौकरी तलाशने वाला युवा भी रोजगार देने वाला उद्यमी बन सकता है।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की स्वरोजगार योजनाएं महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने का प्रयास कर रही हैं।

Related Articles

Back to top button