उत्तराखंड

CM धामी ने 36 नायब तहसीलदारों को दिए नियुक्ति पत्र,अभ्यर्थियों में 13 बेटियां शामिल

: 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को CM धामी ने सौंपे नियुक्ति पत्र, 13 बेटियों ने भी हासिल की सफलता

 

: देहरादून सीएम न्यूज

उत्तराखंड में सरकारी सेवाओं में चयनित युवाओं को नियुक्ति देने का सिलसिला जारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ जनसेवा करने का संदेश दिया।

 

खास बात यह रही कि चयनित 36 अभ्यर्थियों में 13 बेटियां भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि बेटियों की सफलता प्रदेश की अन्य युवतियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

CM धामी ने 36 नायब तहसीलदारों को दिए नियुक्ति पत्र,अभ्यर्थियों में 13 बेटियां शामिल

मुख्यमंत्री ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके फैसलों का सीधा असर आमजन की जमीन, आजीविका और अधिकारों पर पड़ता है। उन्होंने नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

सीएम धामी ने अधिकारियों से कहा कि तहसीलों में आने वाले लोगों की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना जाए और उन्हें अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान पर ध्यान दिया जाए।

 

मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराते हुए कहा कि अधिकारी किसी भी दबाव, सिफारिश या प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना नियमों के अनुसार निर्णय लें। उन्होंने सरकार के मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ को कार्यशैली में शामिल करने की अपील की।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दिए जाने का भी उल्लेख किया। वहीं मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए इसे सरकारी सेवा के साथ जनसेवा का महत्वपूर्ण अवसर बताया।

 

कार्यक्रम में सचिव राजस्व एस.एन. पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु सहित राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

 

Related Articles

Back to top button