उत्तराखंडराज्य

टनकपुर को शारदा रिवर फ्रंट समेत 300 करोड़ की विकास योजनाओं का तोहफा

बोले CM पुष्कर—“चंपावत में अब विकास का दरिया बहेगा”

टनकपुर/चंपावत 07 फरवरी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को अपनी विधानसभा चंपावत, विशेष रूप से टनकपुर को ₹300 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात देकर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की नई नींव रख दी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास, भूमि पूजन एवं लोकार्पण करते हुए कहा कि शारदा रिवर फ्रंट (शारदा कॉरिडोर) परियोजना से चंपावत और टनकपुर में विकास का नया अध्याय शुरू होगा और यहां विकास का दरिया बहेगा।
मुख्यमंत्री के हाथों योजनाओं का बटन दबते ही कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं धरातल पर उतर गईं। इनमें शारदा घाट पुनर्विकास (प्रथम चरण) ₹10,735 लाख, सिटी ड्रेनेज प्लान (प्रथम चरण) ₹6,649 लाख, नायर–खेरा क्षेत्र में आपदा सहनशीलता हेतु इकोलॉजिकल कॉरिडोर विकास ₹8,523 लाख तथा टनकपुर के ग्राम पंचायत बस्तिया में टनकपुर–अस्कोट सीसी मार्ग पुनर्निर्माण ₹115 लाख सहित अनेक योजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शारदा रिवर फ्रंट परियोजना से चंपावत को पर्यटन, आस्था और आधुनिक शहरी सुविधाओं के मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी। इन विकास कार्यों से शिक्षा, सड़क, पर्यटन, आपदा प्रबंधन, शहरी विकास एवं आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी। साथ ही सीमांत क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था सशक्त होगी। युवाओं, किसानों, विद्यार्थियों और पर्यटकों को इन योजनाओं से सीधा लाभ पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चंपावत आस्था, संस्कृति और इतिहास से समृद्ध भूमि है। यहां की आध्यात्मिक चेतना जीवन को दिशा देने वाली शक्ति है। उन्होंने कहा कि टनकपुर की धरती पर आते ही उन्हें विशेष ऊर्जा का अनुभव होता है और आने वाले समय में चंपावत एक आदर्श, सशक्त और आत्मनिर्भर जनपद के रूप में स्थापित होगा।
🤝 जनसंपर्क की मिसाल बने मुख्यमंत्री
उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना की और आयोजित भंडारे में बाल्टी थामकर स्वयं लोगों को भोजन परोसा, फिर आम लोगों के साथ बैठकर भोजन भी ग्रहण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान वृद्ध महिलाओं ने मुख्यमंत्री की बलाइयाँ लीं और उन्हें आशीर्वाद दिया। लोगों ने मुख्यमंत्री का फूलों की विशाल माला से स्वागत किया।
मुख्य बाजार में मुख्यमंत्री अचानक एक साधारण ढाबे पर पहुंचे, जहां उन्होंने आम नागरिकों के साथ साधारण कुर्सी पर बैठकर चाय की चुस्कियां लीं, बातचीत की और विकास कार्यों व सरकारी योजनाओं को लेकर सीधा फीडबैक लिया। मुख्यमंत्री की इस सहजता और सादगी से लोग खासे उत्साहित नजर आए।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button