उत्तराखंडखेल

बल्ला थामते ही सीएम पुष्कर ने उड़ाई गेंद की धुर्री बोले—खेल अब सिर्फ मनोरंजन नहीं, करियर की अपार संभावनाओं का माध्यम

खटीमा 07 फरवरी।

खटीमा के बिरिया मझोला मैदान में आयोजित मनीष चंद स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दर्शकों को उस समय तालियाँ बजाने पर मजबूर कर दिया, जब उन्होंने पुरस्कार वितरण से पूर्व खुद बल्ला थामकर मैदान में उतरते हुए गेंद की धुर्री उड़ा दी।
फाइनल मुकाबला मुख्यमंत्री के गांव नगला तराई (खटीमा) और उजालिकोट (टनकपुर) की टीमों के बीच खेला गया। मुकाबले के बाद विजेता खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री ने पुरस्कार प्रदान किए।
कार्यक्रम के दौरान भावुक क्षण उस समय देखने को मिला जब दिवंगत मनीष की माता भावनाओं में रो पड़ीं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं आगे बढ़कर उन्हें ढांढस बंधाया और संवेदनशीलता का परिचय दिया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम को क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि यदि खिलाड़ी लक्ष्य निर्धारित कर संकल्प के साथ आगे बढ़ते हैं, तो सफलता निश्चित रूप से प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि अब खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं रह गया है, बल्कि इसमें करियर की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी योजनाओं के माध्यम से देश में खेलों का ढांचागत विकास हुआ है। प्रधानमंत्री स्वयं खिलाड़ियों से मिलकर उनका उत्साहवर्धन करते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया है।
“हमारी देवभूमि अब खेल भूमि बनती जा रही है,” मुख्यमंत्री ने कहा।
समापन समारोह के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद लोगों एवं महिलाओं ने मुख्यमंत्री को ‘धाकड़ मुख्यमंत्री’ बताने वाले कार्ड बोर्ड हाथों में लेकर उत्साह प्रकट किया।
पुरस्कार वितरण समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, नगर पालिका खटीमा अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा, एसपी निहारिका तोमर, एडीएम कौस्तुभ मिश्रा एवं एसडीएम तुषार सैनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button