Breaking Newsउत्तराखंड

डॉ. ढाल सिंह बिसेन होंगे उत्तराखंड के नए राज्यपाल, दुष्यंत गौतम को सिक्किम की जिम्मेदारी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति और फेरबदल को दी मंजूरी

दिल्ली/देहरादून 12 अक्टूबर । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति और फेरबदल को मंजूरी दी है। सोमवार शाम राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, मध्य प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं, भाजपा नेता और उत्तराखंड के पूर्व प्रभारी दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाया गया है।
डॉ. ढाल सिंह बिसेन मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं। वह वर्ष 1990, 1993, 1998 और 2003 में मध्य प्रदेश विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए। वर्ष 2003 से 2005 तक उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्य किया। इसके बाद वर्ष 2011 से 2013 तक वह मध्य प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष रहे।
डॉ. बिसेन वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश की बालाघाट संसदीय सीट से भाजपा के टिकट पर निर्वाचित हुए थे। अब उन्हें उत्तराखंड के राज्यपाल की संवैधानिक जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राज्यपालों की नियुक्ति एवं फेरबदल के तहत सिक्किम के वर्तमान राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर को केरल का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं, केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दुष्यंत गौतम सिक्किम के नए राज्यपाल होंगे।
इसके अतिरिक्त ब्रज मोहन राम को ओडिशा तथा डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों के साथ ही छह राज्यों में राज्यपालों के पदों पर नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

Related Articles

Back to top button