रूद्रपुर,12 फरवरी 2026 ।
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री निरुपम चकमा ने गुरुवार को जिला सभागार में जनपद ऊधम सिंह नगर के जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ अनुसूचित जनजाति के हित में संचालित विकास कार्यों एवं योजनाओं की गहन समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि अनुसूचित जनजाति के सभी पात्र परिवारों को शत-प्रतिशत सरकारी योजनाओं से आच्छादित किया जाए, जिससे उनका जीवन स्तर बेहतर हो सके और वे मुख्यधारा से जुड़ सकें।
श्री चकमा ने जनजाति क्षेत्रों में पीएम जनमन, स्वनिधि योजना, धरती आबा, पेंशन, विवाह अनुदान, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य सेवाएं, जल जीवन मिशन (जेजेएम), जनऔषधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, अटल आवास, शिक्षा, छात्रावास, छात्रवृत्ति तथा वन अधिकार अधिनियम सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जनजाति क्षेत्रों में भूमि की अवैध खरीद-फरोख्त के प्रकरण संज्ञान में आए हैं, जिन पर जिला स्तरीय रिव्यू कमेटी द्वारा गंभीरता से समीक्षा कर प्रभावी रोक लगाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
आयोग के सदस्य ने यह भी कहा कि अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति के लोगों को सरकारी योजनाओं के अंतर्गत ऋण देने में बैंकों द्वारा आना-कानी किए जाने की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इस पर जिलाधिकारी को निर्देश दिए गए कि संबंधित बैंकों की समीक्षा कर आवश्यक कार्यवाही की जाए। साथ ही जनजाति क्षेत्रों में वित्तीय जागरूकता शिविर आयोजित कर बैंकिंग सेवाओं को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया।
श्री चकमा ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनजाति क्षेत्रों को सरकार की समस्त योजनाओं से संतृप्त करने तथा “सम्पूर्णता मोड” में कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनजाति क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की धरातलीय स्थिति की रिपोर्ट आयोग द्वारा निर्धारित प्रारूप पर भेजने के भी निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी श्री नितिन सिंह भदौरिया ने अनुसूचित जनजाति क्षेत्रों में कराए जा रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आयोग के निर्देशों को गंभीरता से लेते हुए योजनाओं को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारें तथा निर्धारित प्रारूप में सूचनाएं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराएं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री दिवेश शाशनी, उप सचिव अनुसूचित जनजाति आयोग श्री कुशल देव वर्मा, वरिष्ठ अन्वेषक श्री आकाश त्रिपाठी, श्री सार्थक बडोनी, जिला विकास अधिकारी श्री सुशील मोहन डोभाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री के.एस. रावत, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री अमन अनिरुद्ध, एसीएमओ डॉ. हरेंद्र मलिक, जिला पंचायतराज अधिकारी श्रीमती विद्या सिंह सोमनाल, जिला युवा कल्याण अधिकारी श्री बी.एस. रावत, जिला सेवायोजन अधिकारी श्री राजेश दुर्गापाल, अग्रणी बैंक अधिकारी श्रीमती शिखा नौटियाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्रीमती व्योमा जैन, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी श्रीमती नंदनी तोमर, अधिशासी अभियंता सिंचाई श्री बी.एस. डांगी, लघु सिंचाई श्री सुशील कुमार तथा लोक निर्माण विभाग के श्री गजेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
